राठ में सड़क हादसे में युवक की मौत, विधायक मनीषा अनुरागी ने परिजनों को दी 2 लाख की सहायता
संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर राठ– नहर बाईपास मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में टोला खंगारन गांव निवासी 22 वर्षीय चंद्रप्रकाश अनुरागी की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक सवार चंद्रप्रकाश की टक्कर कार से हो गई थी। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी।
बताया गया है कि जिस वाहन से दुर्घटना हुई, वह पूर्व विधानसभा प्रत्याशी चंद्रवती वर्मा से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक मनीषा अनुरागी पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी तथा दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। विधायक ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह परिवार के साथ खड़ी हैं और हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश और दुख का माहौल है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
