प्रदेश में कायम जंगलराज बता रहा सरकार की हकीकत: अजय राय

प्रदेश में कायम जंगलराज बता रहा सरकार की हकीकत: अजय राय

- टोल प्लाजा पर कांग्रेसियों ने प्रदेश अध्यक्ष का किया स्वागत

फोटो परिचय- पत्रकारों से वार्ता करते कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय।

खागा/फतेहपुर। कांग्रेस पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का जिलाध्यक्ष के अलावा पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को टोल प्लाजा पर जोरदार स्वागत किया। जिलाध्यक्ष के आवास पर प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान मौजूदा सरकार पर तंज कसते हुए गंभीर आरोप लगाए। प्रयागराज से कानपुर जाते समय नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए सैकड़ों कार्यकर्ता कटोघन टोल प्लाजा पर मौजूद रहे।

किशुनपुर रोड स्थित जिलाध्यक्ष अखिलेश पांडेय के आवास पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सत्तासीन कार्यकर्ताओं को अगर विकास के लिए सत्याग्रह करना पड़े तो यह टोटल सरकार का फेल्योर है। सवालों के जवाब में कहा कि जिले के सांसद के लिए लोकसभा चुनाव में पार्टी किसे उतारेगी यह तो पार्टी के शीर्ष नेता और समय तय करेगा। मौजूदा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि चहुंमुखी विकास के दम पर आई सरकार का विकास सड़कों पर दिख रहा है।

सरकार बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, मंहगाई और पुलिस व्यवस्था पर पूरी तरह फेल हो चुकी है। आगामी चुनाव की तैयारी पर कहा कि हम 80 सीटें जीतने वाले हैं। आगामी चुनाव में गठबंधन को लेकर शीर्ष नेतृत्व फैसला करेंगें। पार्टी कार्यकर्ता दलित बस्तियों में जाकर चौपाल लगाएं और उनकी प्रमुख मांगो पर काम करने का प्रयास किया जाएगा। प्रदेश में पूरी तरह जंगल राज कायम हो चुका है। सीतापुर और सुल्तानपुर की घटनाओं का उदाहरण देते हुए उन्होंने पुलिस प्रशासन पर तंज कसे। मौके पर राजू मिश्रा, रितेश पांडेय, प्रेमनारायण विश्वकर्मा, शिवकुमार सोनी आदि लोग मौजूद रहे।

Azra News

Azra News

Next Story