बेखौफ खनन माफिया, प्रतिबंध के बावजूद रात भर दौड़ रहीं पोकलैंड मशीनें  

     सरीला में बेखौफ खनन माफिया, प्रतिबंध के बावजूद रात भर दौड़ रहीं पोकलैंड मशीनें  

संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर ,सरीला — जनपद में अवैध खनन पर सख्ती के दावे एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। सरीला क्षेत्र के इच्छौरा झिटकरी खंड संख्या 25/25 में प्रतिबंधित मशीनों से आधी रात को खनन किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनन निदेशक और जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद माफिया बेखौफ होकर नियमों को ठेंगा दिखा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि संबंधित खंड में आधा दर्जन पोकलैंड मशीनें लगाकर रात के अंधेरे में खनन कार्य कराया जा रहा है। शासन स्तर से मशीनों पर रोक के आदेश जारी हैं, इसके बावजूद क्षेत्र में भारी मशीनों की आवाज रातभर गूंज रही है।
आदेशों को खुली चुनौती?
सूत्रों के मुताबिक हाल ही में अधिकारियों द्वारा छापामार कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन उसका असर जमीनी स्तर पर नजर नहीं आ रहा। खनन माफिया कथित तौर पर प्रशासनिक आदेशों को चुनौती देते हुए खुलेआम खनन और ओवरलोड परिवहन में जुटे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही से सड़कों की हालत खराब हो रही है और हादसे की आशंका भी बनी रहती है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग प्रभावी कार्रवाई करता नजर नहीं आ रहा।
प्रशासन की भूमिका पर उठ रहे सवाल
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद भी यदि प्रतिबंधित मशीनें संचालित हो रही हैं, तो यह प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि उच्च अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई करते हैं या अवैध खनन का यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *