लगी भीषण आग, तीन परिवारों की गृहस्थी जलकर राख, लाखों का नुकसान  

      मौदहा में दो स्थानों पर लगी भीषण आग, तीन परिवारों की गृहस्थी जलकर राख, लाखों का नुकसान  

संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर मौदहा (हमीरपुर) — तहसील क्षेत्र में शुक्रवार को अलग-अलग दो स्थानों पर अज्ञात कारणों से आग लगने की घटनाओं में तीन परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। आग की चपेट में आकर घरों का सामान, अनाज और कपड़े जलकर राख हो गए, वहीं एक भैंस भी गंभीर रूप से झुलस गई। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिजवाही निवासी जगदीश उर्फ लोटन के घर शुक्रवार शाम अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर का छप्पर व अंदर रखा सामान धू-धू कर जलने लगा। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने धूल, पानी और समरसेबल पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग पड़ोसी कृष्ण बिहारी सिंह के घर तक पहुंच गई और वहां रखा सामान भी जलने लगा। काफी प्रयासों के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक जगदीश की गृहस्थी और अनाज पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। इस घटना में कृष्ण बिहारी सिंह को भी भारी नुकसान हुआ है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार दोनों परिवारों को करीब दो लाख रुपये से अधिक की क्षति हुई है।
वहीं दूसरी घटना ग्राम नायकपुरवा में देर रात हुई। यहां हरीराम प्रजापति पुत्र चुन्नू के घर अचानक आग लग गई। घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख परिजन घबराकर बाहर भागे और ग्रामीणों से मदद की गुहार लगाई। इसके बाद गांव वालों ने टुल्लू पंप और समरसेबल से पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर का छप्पर, अनाज और कपड़े जलकर नष्ट हो चुके थे। आग की चपेट में आकर हरीराम की एक भैंस भी गंभीर रूप से झुलस गई।
घटना की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल ऋषभ राठौर मौके पर पहुंचे और अग्निकांड से हुई क्षति का आकलन शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों को प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *