डीएम ने कार्यालय में पीड़ितों की सुनीं समस्याएं,अन्य लघु खबरों के साथ
डीएम ने कार्यालय में पीड़ितों की सुनीं समस्याएं,अन्य लघु खबरों के साथ
डीएम ने कार्यालय में पीड़ितों की सुनीं समस्याएं
फोटो परिचय- कार्यालय में पीड़ितों की समस्याएं सुनतीं डीएम। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनपद के विभिन्न ग्रामों से आए जनसामान्य के प्रार्थना पत्रों को सुनकर उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया। जनसुनवाई में कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि हमारा प्रयास रहेगा कि शिकायतों का निस्तारण स्थानीय स्तर पर ही हो जाए जिससे जनसामान्य को सहूलियत हो और कम से कम समय में उनकी समस्याओं का समाधान हो जाए। ……………………………… सामान्य व मिनी किट बीज वितरण शुरू एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपु — उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि खरीफ-2026 में विभिन्न योजनाओं के अर्न्तगत कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत कृषकों को सामान्य बीज वितरण एवं मिनीकिट बीज वितरण हेतु निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष समस्त बीज (प्रमाणित एवं संकर) की बुकिंग कृषि विभाग के पोर्टल पर 22 अप्रैल से प्रारम्भ कर दी गयी है। जिसकी कट-आफ तिथि दस मई निर्धारित की गयी हैं। जनपद के सभी पंजीकृत कृषकों से अपील है कि अपनी आवश्यकता के अनुसार बीज की बुकिंग निर्धारित समय सीमा के अर्न्तगत कर सकते हैं। बीज वितरण हेतु कृषकों का चयन ई-लाटरी के माध्यम से किया जायेगा। —————————————– चार निरीक्षक इधर से उधर एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कानून व्यवस्था में मजबूती के उद्देश्य से जिले के चार निरीक्षकों को इधर से उधर किया है। पुलिस कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार साबर थाने के निरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ल को प्रभारी निरीक्षक थाना जाफरगंज, बिन्दकी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार राव को ललौली थाने का प्रभारी निरीक्षक, ललौली थाने के प्रभारी निरीक्षक समशेर बहादुर सिंह को थरियांव थाने का प्रभारी निरीक्षक व थरियांव थाने के प्रभारी निरीक्षक रहे राजेन्द्र सिंह को बिन्दकी कोतवाली का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। अचानक हुए इस स्थानांतरण को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार भी गर्म रहा। ————————————- डीआईओएस व बीएसए ने बैठक लेकर दिए निर्देश – शुल्क विनियमन अधिनियम का अक्षरशः पालन किए जाने की हिदायत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रबन्धक व प्रधानाचार्य की एक बैठक आहूत की गई। जिसमें विभिन्न बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए अक्षरशः अनुपालन करने हेतु निर्देश दिए।
प्रबंधक एवं प्रधानाचार्यों को बताया कि किताबें, जूता-मोजा, स्कूल ड्रेस आदि को निर्धारित स्थान से क्रय करने हेतु बाध्य न किया जाये, ट्यूशन/मासिक फीस में वृद्धि नियमानुसार की जाये, जिला शुल्क शिक्षा समिति के अनुमोदन के उपरान्त ही फीस में वृद्धि की जाये, शुल्क वृद्धि की गणना शीट भी प्रस्तुत की जायेगी, प्रवेश शुल्क प्रत्येक वर्ष न लिया जाये, विद्यालय में छात्रों से विलम्ब शुल्क न लिया जाये, विद्यालय परिसर से ही किताबें, जूता-मोजा, स्कूल ड्रेस विक्रय न किया जाये, परिवहन नियमानुसार लिया जाये, अभिभावक से विज्ञप्ति व नोटिस के माध्यम से शुल्क ड्रेस आदि के बारे में लिखित अभिमत लिया जाये तदोपरान्त विद्यालय स्तरीय समिति द्वारा निस्तारण किया जायेगा। आरटीई एक्ट, मान्यता के शासनादेश एवं उ०प्र० स्ववित्तपोषित स्वतंत्र विद्यालय (शुल्क विनियमन) अधिनियम 2018 के उपबन्धों का अक्षरशः अनुपालन किया जाये। ——————————————- मधुमक्खियों के हमले से वृद्ध की मौत, युवक घायल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– राधानगर थाना क्षेत्र के मलाका मोड़ के समीप गुरूवार की सुबह मधुमक्खियों के हमले से जहां 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गयी। वहीं 30 वर्षीय युवक घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ढकौली गांव निवासी स्व0 शिवपाल का पुत्र राजाराम सुबह लगभग 8ः30 बजे बाइक से दवा कराने जा रहा था। वहीं मलाका गांव निवासी वेद प्रकाश अग्निहोत्री का पुत्र मोनू अग्निहोत्री बाइक से शहर आ रहा था। जैसे ही दोनो बाइक सवार मलाका मोड़ पर पहुंचे तभी अचानक मधुमक्खियों ने उन पर हमला बोल दिया। बचने के लिए वृद्ध राजाराम ने फूस में लगा दी। जिससे उसका पैर भी जल गया। उधर मोनू को भी मधुमक्खियों ने बुरी तरह घायल कर दिया। कुछ देर बाद दोनो अचेत पड़े लोगो को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां इमरजेन्सी में तैनात चिकित्सक ने वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना की जानकारी मृतक का भतीजे सुरेन्द्र ने दी है। ————————————– निमंत्रण से लौट रहे पिता पुत्र को दबंगो ने पीटा एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– किशनपुर कस्बा के मोहल्ला रामपुर में बुधवार रात निमंत्रण से वापस लौट रहे पिता पुत्र को गांव के ही कुछ लोगो ने गाली गलौज करते हुये लाठी डंडा व ईंट मारकर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल पुत्र को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार कस्बा के नऊवनपुर वार्ड नं0 2 निवासी स्व0 शिरोमन का 40 वर्षीय पुत्र रंगबाज अपने 19 वर्षीय पुत्र अभिषेक के साथ कस्बा के ही मोहल्ला रामपुर निमंत्रण पर गया था। बताते हैं कि रात लगभग दस बजे पिता पुत्र घर वापस आ रहे थे। तभी मोहल्ले के ही कल्लू के पुत्र झल्लू मिल्लू उर्फ नीलू, अक्के व बुढऊ ने देखते ही गाली गलौज शुरू कर दिया। विरोध करने पर चारो ने पिता पुत्र को लाठी डंडा ईंट मारकर घायल करने के बाद गाली गलौज करते हुए व जान से मारने की धमकी दे मौके से फरार हो गये। उधर पीड़ित के परिजनों ने थाने में झल्लू सहित चार लोगो के विरूद्ध नामजद तहरीर दी है। हालांकि पुलिस ने किसी भी आरोपी को हिरासत में नहीं लिया है। जिसके चलते हमलावर उन्हे धमकी दे रहे है। वहीं जिला चिकित्सालय में अभिषेक का इलाज करा रहे मामा रामू ने घटना के बाबत जानकारी देते हुए झल्लू व उसके भाईयों पर आरोप लगाया है। ————————————– बाइक की भिड़ंत में दो घायल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– खागा कोतवाली क्षेत्र के टेसारी खुर्द के समीप बाइकों की हुयी भिड़ंत में दो लोग घायल हो गये। जिन्हे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार किशनपुर थाना क्षेत्र के महेशपुर मठेठा गांव निवासी इन्द्रपाल का 45 वर्षीय पुत्र इन्द्रदेव गांव के ही शिवशरन का 45 वर्षीय पुत्र राकेश पाल के साथ निमंत्रण पर गया था। वापस लौटते समय जैसे ही यह लोग टेसारी खुर्द के पास पहुचे तभी सामने से आ रही बाइक से भिडन्त हो गयी। जिससे दोनों घायल हो गये। सूचना पाकर मौके में पहुंची सरकारी एम्बुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। ———————————— बाइक से गिरकर महिला घायल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ के समीप बाइक से गिरकर 26 वर्षीय महिला घायल हो गयी। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार गोरखपुर थाना क्षेत्र के थाना गोरखनाथ निवासी विनोद अपनी पत्नी प्रीती वर्मा के साथ 3 माह से ललौली थाना क्षेत्र के अर्न्तगत राज भट्ठा में ईट पथाई का काम करते है। बताते हैं कि गुरूवार की दोपहर विनोद अपनी पत्नी को बाइक में बैठाकर किसी काम से रहा था। तभी बहुआ चौकी के समीप चलती बाइक से प्रीती गिरकर घायल हो गयी। उधर सूचना पर पहुंची सरकारी एम्बुलेंस ने घायल महिला को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुयी है।