जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने 6.78 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास

   जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने 6.78 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास

बेतवा नहर प्रखण्ड प्रथम के तहत कार्यालय भवन और निरीक्षण भवन का होगा निर्माण
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन —  प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जनपद में सिंचाई एवं जल संसाधन से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का विधि-विधान से भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने बेतवा नहर प्रखण्ड प्रथम के अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों की शुरुआत कर क्षेत्र के विकास को नई गति देने की बात कही।


मंत्री ने बेतवा नहर प्रखण्ड प्रथम के अंतर्गत जिलेदारी कार्यालय (द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ) के नव निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना की कुल लागत लगभग 349.19 लाख रुपये है। इसके साथ ही उरई स्थित निरीक्षण भवन के नव निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन किया गया, जिसकी परियोजना लागत 329.53 लाख रुपये है। दोनों परियोजनाओं की कुल लागत करीब 6.78 करोड़ रुपये बताई गई है।
इस अवसर पर मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार सिंचाई व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने तथा विभागीय ढांचे को आधुनिक और सुसज्जित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बेतवा नहर प्रखण्ड से जुड़े इन भवनों के निर्माण से विभागीय कार्यों के संचालन में सुविधा होगी और किसानों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए, ताकि इनका लाभ जल्द से जल्द आमजन और किसानों को मिल सके।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान सहित सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता धर्म घोष, सहायक अभियंता वसीम राजा, अंकित कुमार सिंह तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *