स्कूलों का ताला तोड़कर सामान चुराने वाले गैंग के पांच शातिर गिरफ्तार

   स्कूलों का ताला तोड़कर सामान चुराने वाले गैंग के पांच शातिर गिरफ्तार
– चोरी का माल व औजार बरामद, पुलिस टीम को 15 हजार का एसपी ने दिया ईनाम
फोटो परिचय-  चोरी के सामान के साथ पुलिस की गिरफ्त में चोर।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जिले में स्कूलों का ताला तोड़कर सामान चुराने वाले गैंग का गाजीपुर पुलिस, इंटेलीजेंस व एसओजी की संयुक्त टीम ने खुलासा करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान व चोरी करने में इस्तेमाल किए जाने वाले औजारों को बरामद किया है। पुलिस की इस सफलता से गदगद नवागंत पुलिस कप्तान अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस टीम को 15 हजार रूपए का ईनाम देकर हौसला अफजाई की है।
घटना का विवरण देते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि 20 मार्च को कंपोजिट विद्यालय सोनवरसा, बहुआ की प्रधानाध्यापिका आभा रानी ने तहरीर देकर बताया था कि बीस मार्च की मध्य रात्रि में अज्ञात चोरों ने विद्यालय में घुसकर कार्यालय तथा सभी कमरों का ताला तोड़कर कम्प्यूटर सिस्टम, रसोई का सामान आदि चुरा ले गए थे। इस पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया था। इसी विद्यालय में पुनः 30 मार्च की रात को भी चोरों ने चोरी कर ली थी। पुलिस अधीक्षक ने इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए इलाका पुलिस इंटेलीजेंस व एसओजी की संयुक्त टीम को घटना का पर्दाफाश करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। एसपी के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पाल के पर्यवेक्षण, सीओ जाफरगंज प्रगति यादव के नेतृत्व में पुलिस टीमें चोरों की तलाश में जुटी हुई थीं। बुधवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम द्वारा सदर कोतवाली क्षेत्र के शांतीनगर मुहल्ले में स्थित अंशू सोनी के मकान में किराए पर रहने वाले राकेश विश्वकर्मा को पकड़ लिया। जहां पर चोरी का सामान बांटने की तैयारी करते हुए चार अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया। पकड़े गए चोरों ने अपने नाम राकेश विश्वकर्मा निवासी ग्राम रमवां थाना राधानगर, अरविन्द कुमार निवासी मुहल्ला लोधीगंज, वीरेन्द्र कुमार लोधी निवासी मिट्ठनपुर खुराना, सुरेश कुमार निवासी मिट्ठनपुर खुराना तथा गुलाम रसूल निवासी मोहल्ला घोसियाना थाना कोतवाली बताया। इनके कब्जे से चोरी के छह बड़े गैस सिलेंडर, दो छोटे गैस सिलेंडर, एक मानीटर, दो यूपीएस, एक सीपीयू, एक कीबोर्ड, एक माउस, एक वाईफाई माडम, दो चार्जर, एक प्रोजेक्टर सेट, चार प्लास, दो बड़े स्क्रूडाइवर, दो मल्टी स्क्रूडाइवर सेट, दो पतली छोटी तिकोनी रेतियां, दो लोहे का सब्बल, आरी, एक गैस पाइप मय रेग्यूलेटर, एक हथोड़ी, एक छोटे चैन युक्त थैले में ग्यारह चाभिया, एक सोल्डरिंग आयरन, एक एलईडी मानीटर, एक इलेक्ट्रिक तराजू, दो मिक्सी, दो ड्रिल मशीन, एक हैंडप्रेशर जूस बाउल, 15 सीलिंग फैन, एक कोकर, एक जग, चार छोटे-बड़े कलछुल, एक स्टील का डिब्बा मय ढक्कन, दो छोटी बड़ी छन्नियां, एक चाकू, चार स्टील के गिलास, दो मिक्सर जार, तीन स्टील के कटोरे, दो स्टील के छोटे डिब्बे, एक चार प्लास्टिक की प्लेटे, एक स्टील की बड़ी थाली, एक लकड़ी काटने की छोटी आरी, तीन रस्सियां और दो रिंच बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि पकड़े गए सभी शातिर किस्म के हैं। राकेश के खिलाफ ग्यारह, अरविन्द, वीरेन्द्र कुमार लोधी, सुरेश कुमार लोधी व गुलाम रसूल के खिलाफ सात-सात मुकदमें विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष गाजीपुर हनुमान प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अरविंद कुमार मौर्य, इंटेलीजेंस विंग के प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा तथा एसओजी के उपनिरीक्षक सतपाल सिंह सहित अन्य आरक्षी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *