एचटी लाइन से लगी आग, तीन बीघा गेहूं राख

   एचटी लाइन से लगी आग, तीन बीघा गेहूं राख
– किशनपुर के जगतपुर में किसानों की फसल जली, मुआवजे की मांग
फोटो परिचय-  शार्ट सर्किट से खाक हुई गेहूं की फसल का दृश्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर– किशनपुर थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव में बुधवार की सुबह एचटी लाइन के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में किसान गणेश प्रसाद मिश्रा और राजू सिंह कछवाह की लगभग 2 से 3 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। यह घटना सुबह करीब दस बजे हुई जब एचटी लाइन में शॉर्ट सर्किट के कारण खेत में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और तेज लपटें उठने लगीं। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन पछुआ हवाओं के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इस अग्निकांड से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित किसानों की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें इस क्षति से उबरने में सहायता मिल सके। किशनपुर थानाध्यक्ष सत्यदेव गौतम ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। उन्होंने राजस्व टीम को भी सूचित किया है और एक संयुक्त टीम घटनास्थल पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *