करंट की चपेट में आकर विद्युत संविदा कर्मी की मौत,अन्य लघु खबरों के साथ

   करंट की चपेट में आकर विद्युत संविदा कर्मी की मौत
– परिजनों ने लापरवाही का आरोप मढ़ मार्ग पर रोका यातायात
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ चौडगरा, फतेहपुर– कल्यानपुर थाना क्षेत्र के अल्लीपुर मोड़ के समीप बिंदकी चौडगरा मार्ग में बुधवार को हाईटेंशन लाइन के खंभे में चढ़कर काम करते समय अचानक विद्युत आपूर्ति चालू कर देने से विद्युत संविदा कर्मचारी नोखेलाल राजपूत 40 वर्ष पुत्र नेपाली राजपूत निवासी ग्राम मौहार थाना कल्यानपुर की करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया और खंभे से नीचे गिर गया। करंट के चपेट में आने से विद्युत संविदा कर्मचारी नोखेलाल राजपूत की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने विद्युत विभाग के जिम्मेदारों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और लगभग बीस मिनट तक यातायात रुकवा दिया। इस दौरान महिलाएं सड़क पर बैठ प्रदर्शन करने लगीं। जानकारी पर थाना प्रभारी कल्यानपुर सुमित देव पाण्डेय व चौडगरा चौकी इंचार्ज संजय सिंह परिहार मौके पर पहुंचे। परिजनों को समझा बुझाकर यातायात सुचारू रूप से शुरू करवाया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मार्च्युरी भेज दिया। बताया जाता है कि मृतक नोखेलाल राजपूत तेंदुली फीडर के अंतर्गत विद्युत संविदा कर्मचारी था। थाना प्रभारी कल्यानपुर सुमित देव पाण्डेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। यातायात सुचारू रूप से चालू है। अन्य विधिक कार्यवाही नियमानुसार की जाएगी।
————————————— 


 फांसी लगा युवक ने दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– बिन्दकी कोतवाली के सरांय खजुहा में मंगलवार की रात 45 वर्षीय नशेड़ी ने पंखे से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार सरांय खजुहा निवासी स्व0 रामनरायन उत्तम का पुत्र धर्मेन्द्र उत्तम ने घर के अन्दर पंखे में रस्सी का फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों की नजर पड़ी तो घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्ट मार्टम हाउस में मृतक का भाई जितेन्द्र ने बताया कि उसका भाई शराब पीने का आदी था। घर वालों ने काफी समझाया लेकिन उसने किसी की बात न मानी और शराब के नशे में ही उसने फांसी लगाकर जान दे दी।
—————————————– 


    खेत में बेहोश मिलीं वृद्धा महिला की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– गाजीपुर थाना क्षेत्र के लच्छीरामपुर गांव में मंगलवार को एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार लच्छीरामपुर निवासी सुमित्रा देवी 70 वर्ष पत्नी स्वर्गीय रामकृपाल लोधी मंगलवार सुबह अपने खेत पर गई थीं। जहां उन्होंने कुंदरू की फसल बो रखी थी। करीब सुबह 11 बजे वह खेत में ही बेहोशी की हालत में पड़ी मिलीं। खेत की ओर गए ग्रामीणों ने उन्हें देखा और तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के परिवार में तीन पुत्र व तीन पुत्रियां हैं, जिनमें बड़े पुत्र की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह सूर्यवंशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले की गहन जांच की जा रही है।
—————————————- 


 युवक ने खाया जहरीला पदार्थ
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– सदर कोतवाली क्षेत्र के रामगंज पक्का तालाब में मंगलवार की दोपहर 35 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार रामगंज पक्का तालाब निवासी दिनेश का पुत्र शिवकुमार ने मंगलवार की दोपहर जहर खा लिया। कुछ समय बाद जब उसकी हालत बिगडने लगी तो परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां इलाज करा रहे परिजनों बताया कि शिवकुमार की जेब से सुसाइट नोट निकला जिसमें उसने महिला समेत दो पर जबरन पैसा ऐढने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। वहीं इलाज कर रहे चिकित्सक डा0 अमन गुप्ता ने बताया कि शिवकुमार को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। हालाकि उसकी हालत में सुधार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *