केंद्रीय विद्यालय की सौगात से जालौन में शिक्षा को नई उड़ान
केंद्रीय विद्यालय की सौगात से जालौन में शिक्षा को नई उड़ान
केंद्रीय विद्यालय की सौगात से जालौन में शिक्षा को नई उड़ान, प्रवेश के लिए उमड़े अभिभावक दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन उरई (जालौन)– जनपद में केंद्रीय विद्यालय की शुरुआत ने शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार कर दिया है। नवीन अनाज मंडी, कालपी रोड स्थित अस्थायी परिसर में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होते ही बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के नामांकन के लिए पहुंच रहे हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की उम्मीद के साथ अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और कक्षाओं में संचालित पढ़ाई का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय में उच्च स्तर की शिक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को अनुशासित और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी मजबूत हो सके। साथ ही अभिभावकों और छात्रों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने को कहा, ताकि प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।
उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल और विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया और कहा कि केंद्रीय विद्यालय जनपद के विद्यार्थियों के लिए एक बड़ा अवसर है, इसलिए इसकी सभी व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुरूप संचालित हों।
इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, डीआईओएस राजकुमार पंडित सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।