झपकी बनी जानलेवा, तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई—बेटे की मौत, मां गंभीर
झपकी बनी जानलेवा, तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई—बेटे की मौत, मां गंभीर
झपकी बनी जानलेवा, तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई—बेटे की मौत, मां गंभीर दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन — बंगरा मार्ग पर सुढ़ार सालाबाद के आगे शंभू धाम के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार चला रहे चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली माधौगढ़ निवासी व्यापारी नीरज गुप्ता (44) पुत्र संतराम अपनी मां संतोषी देवी (65) के साथ उरई से माधौगढ़ की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार शंभू धाम के पास पहुंची, तभी नीरज को झपकी आ गई और कार बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पेड़ का हिस्सा टूट गया और कार का अगला भाग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार के दोनों एयरबैग भी खुल गए, लेकिन इसके बावजूद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना राहगीरों ने यूपी-112 को दी। मौके पर पहुंची छिरिया मलकपुरा चौकी पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कर दिया।
हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही नीरज गुप्ता की मौत हो गई, जबकि उनकी मां संतोषी देवी का इलाज जारी है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।