गेहूं खरीद में पारदर्शिता की सख्त निगरानी, डीएम का औचक निरीक्षण
गेहूं खरीद में पारदर्शिता की सख्त निगरानी, डीएम का औचक निरीक्षण
गेहूं खरीद में पारदर्शिता की सख्त निगरानी, डीएम का औचक निरीक्षण दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन —जनपद में गेहूं खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारु और किसान हितैषी बनाने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जालौन व कोंच मंडियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीद केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम ने जालौन मंडी के 8 और कोंच मंडी के 2 खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बारदाना उपलब्धता, तौल व्यवस्था, खरीद प्रक्रिया और किसानों को दी जा रही सुविधाओं की बारीकी से जांच की। मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 64 गेहूं खरीद केंद्र संचालित हैं, जहां सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। एफसीआई और पीसीएफ समेत सभी केंद्रों पर पर्याप्त बारदाना उपलब्ध है, जिससे खरीद कार्य निर्बाध रूप से जारी है।
उन्होंने किसानों को जानकारी दी कि सरकार द्वारा गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है, जो बाजार दर से अधिक है। ऐसे में किसान सीधे सरकारी केंद्रों पर अपनी उपज बेचकर उचित मूल्य प्राप्त करें और बिचौलियों से बचें।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने एक किसान की ट्रॉली की अनलोडिंग प्रक्रिया भी देखी और किसानों से बातचीत कर उनकी संतुष्टि का आकलन किया। किसानों ने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया, जिस पर डीएम ने अधिकारियों को इसी स्तर की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी बताया कि खसरा अभिलेखों में पहले पाई गई त्रुटियों को शासन स्तर पर सुधार लिया गया है, जिससे खरीद प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी। अब किसान फार्मर रजिस्ट्री और पहचान पत्र के आधार पर आसानी से गेहूं बेच सकेंगे।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी खरीद केंद्र पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपजिलाधिकारियों समेत सभी जिम्मेदार अधिकारियों को सक्रिय रूप से तैनात किया गया है, ताकि व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें।
इस दौरान उप जिलाधिकारी हेमन्त पटेल (जालौन), उप जिलाधिकारी ज्योति सिंह (कोंच), नायब तहसीलदार रोहन पंथ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।