सीसीटीएनएस टीम का सराहनीय कार्य, एसपी ने सौंपे मोबाइल
सीसीटीएनएस टीम का सराहनीय कार्य, एसपी ने सौंपे मोबाइल
32 लाख के खोए मोबाइल मिले, चेहरों पर लौटी खुशी
– सीसीटीएनएस टीम का सराहनीय कार्य, एसपी ने सौंपे मोबाइल
फोटो परिचय- वास्तविक स्वामियों को मोबाइल सौंपते एसपी अभिमन्यु मांगलिक। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जिले की पुलिस ने खोए हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल की। 210 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने लौटाए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 32 लाख बताई जा रही है। पुलिस के इस सराहनीय कार्य से मोबाइल पाने वाले लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की गई। जनपदीय सीसीटीएनएस टीम एवं सभी थानों की सीसीटीएनएस इकाइयों को गुमशुदा मोबाइलों की शीघ्र बरामदगी के निर्देश दिए गए थे। टीमों ने सतत मॉनीटरिंग और समन्वित प्रयासों के जरिए न केवल जनपद, बल्कि गैर-जनपदीय क्षेत्रों और अन्य राज्यों से भी मोबाइल फोन बरामद किए। मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। मोबाइल वापस पाकर लाभार्थियों ने पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्यशैली की खुलकर सराहना की। इस अभियान में मुख्य भूमिका जनपदीय सीसीटीएनएस टीम और सभी थानों की सीसीटीएनएस इकाइयों की रही, जिनके प्रयासों से यह सफलता संभव हो सकी।