निःशुल्क कोचिंग का अवसर, पांच मई तक करें आवेदन

     निःशुल्क कोचिंग का अवसर, पांच मई तक करें आवेदन
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जनपद के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय स्थित शिक्षण एवं मार्गदर्शन केन्द्र में एक वर्षीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण एक अप्रैल से प्रारम्भ हो चुका है।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य अभ्यर्थियों को तृतीय श्रेणी की सेवाओं तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है। वर्तमान सत्र में प्रवेश हेतु इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना अनिवार्य है, जिसमें हाईस्कूल स्तर पर अंग्रेजी विषय होना चाहिए। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। स्नातक, परास्नातक, टंकण, आशुलिपि एवं कम्प्यूटर ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी, जिससे उन्हें आर्थिक सहयोग मिल सके। इच्छुक पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी अपने शैक्षिक, आयु, जाति तथा सेवायोजन पंजीयन से संबंधित प्रमाण पत्रों की छायाप्रति के साथ आवेदन पत्र 05 मई तक जिला सेवायोजन कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस पर जमा कर सकते हैं। पूर्ण रूप से सही पाए गए आवेदन पत्रों के आधार पर ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। आवेदन पत्र का प्रारूप कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय के दूरभाष संख्या 05180-298602 पर संपर्क कर सकते हैं।
——————————————– 

  खेत तालाब योजना से किसानों को मिलेगा दोहरा लाभ
– सिंचाई भी, अतिरिक्त आय भी मिलेगी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जनपद में किसानों की आय बढ़ाने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेत तालाब योजना का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। यह योजना कृषि विभाग की भूमि संरक्षण इकाई (राष्ट्रीय जलागम) एवं भूमि संरक्षण इकाई ईईसी खागा द्वारा संचालित है, जिसके तहत किसानों को अपने खेत में तालाब निर्माण पर आकर्षक अनुदान दिया जा रहा है।
भूमि संरक्षण अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत 22 मीटर गुणे 20 मीटर गुणे 3 मीटर आकार के खेत तालाब के निर्माण पर कुल लागत 105000 निर्धारित है। इसमें किसानों को 50 प्रतिशत यानी अधिकतम 52500 तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा। योजना के तहत अनुदान राशि दो किश्तों में दी जाएगी। पहली किश्त 39,375 तालाब की खुदाई और दरेसी कार्य पूर्ण होने पर व दूसरी किश्त 13,125 पक्का इनलेट बनने के बाद। यह योजना न सिर्फ वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देगी, बल्कि सिंचाई के लिए स्थायी जल स्रोत भी उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा किसान तालाब के माध्यम से मछली पालन, मोती पालन और अन्य जलीय गतिविधियों से अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगे। साथ ही सूखे की स्थिति में भी राहत मिलेगी और भूजल स्तर में सुधार होगा। योजना का लाभ लेने के लिए किसान का फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकरण अनिवार्य है। आवेदन करते समय 1000 की टोकन राशि जमा करनी होगी। किसान कृषि विभाग के पोर्टल पर स्वयं या जन सेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। तालाब से सिंचाई के लिए ड्रिप और स्प्रिंकलर सिस्टम पर सरकार द्वारा 80 से 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। वहीं पंपसेट खरीद पर भी 50 प्रतिशत तक सहायता उपलब्ध है। वर्ष 2026-27 के लिए प्रत्येक इकाई में 10 सामान्य और 2 अनुसूचित श्रेणी के तालाबों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पात्र किसानों का चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए किसान भूमि संरक्षण अधिकारी राष्ट्रीय जलागम एवं ईईसी खागा कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
——————————————- 

 माध्यमिक शिक्षक संघ का धरना-प्रदर्शन दो मई को
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ द्वारा जनपद के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की लम्बित समस्याओं के समाधान हेतु प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए दो मई को धरना-प्रदर्शन किए जाने की घोषणा की गई है।
संघ के जिलाध्यक्ष आलोक शुक्ला ने बताया कि जनपद के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की अनेक ज्वलंत समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। बार-बार ज्ञापन एवं अनुरोध के बावजूद समस्याओं का समाधान न होना प्रशासन की असंवेदनशीलता को दर्शाता है, जिससे शिक्षक एवं कर्मचारी वर्ग में गहरा आक्रोश व्याप्त है। संघ नेतृत्व के आह्वान पर यह निर्णय लिया गया है कि अब समस्याओं के समाधान के लिए निर्णायक संघर्ष किया जाएगा। इसी क्रम में दो मई को अपराह्न 02 बजे से सायं 05 बजे तक कार्यालय जिला विद्यालय निरीक्षक पर शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इस दौरान समस्याओं का ठोस एवं संतोषजनक समाधान नहीं किया गया, तो संगठन व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। संघ ने जनपद के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया है।
—————————————– 


 ट्रक ने बाइक सवार मां-बेटे को रौंदा, हादसे में बची बेटी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– मंगलवार की देर शाम निमंत्रण पर जा रहे मां-बेटे को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया जिससे दोनों की घटनास्थल पर मौत हो गई। बाइक में बैठी सात वर्षीय बालिका छिटक कर गिर गई जिससे उसे मामूली चोट आई हैं।
जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के बनियनपुर मजरे मंडवा गांव निवासी अशोक कुमार की 44 वर्षीय पत्नी शिवकुमारी साहू अपने 20 वर्षीय पुत्र अजय प्रसाद साहू व आठ वर्षीय सेजल साहू के साथ बाइक में सवार होकर कौशांबी जनपद के मंझनपुर शादी समारोह में जा रहे थे। बाइक जैसे ही खागा कोतवाली क्षेत्र के अमांव गांव के समीप एनएच-2 पर पहुंची तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया जिससे मां-बेटे की कुचलकर मौत हो गई जबकि सेजल छिटक कर दूर जा गिरी। जिससे उसे मामूली चोटे आई हैं। घटना के बाद चालक वाहन सहित भाग जाने में सफल रहा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मां-बेटे के शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *