खागा गैंगरेप कांड में तेज हुई तलाश, इटारसी रेलवे स्टेशन पर मिली लोकेशन
खागा गैंगरेप कांड में तेज हुई तलाश, इटारसी रेलवे स्टेशन पर मिली लोकेशन
फरार बबलू पर और कसा पुलिस का शिकंजा, अब एक लाख का ईनाम
– खागा गैंगरेप कांड में तेज हुई तलाश, इटारसी रेलवे स्टेशन पर मिली लोकेशन
फोटो परिचय- फरार अभियुक्त बबलू। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– खागा कोतवाली क्षेत्र के नौबस्ता रोड स्थित जंगल में मंगेतर के सामने युवती से सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में फरार मुख्य आरोपी बबलू सिंगरौर की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है। पहले घोषित पचास हजार के इनाम को बढ़ाकर अब एक लाख किए जाने की तैयारी के बीच पुलिस की सात विशेष टीमें अलग-अलग राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं। सूत्रों के मुताबिक आरोपी के मध्य प्रदेश के इटारसी रेलवे प्लेटफॉर्म पर देखे जाने की सूचना के बाद पुलिस की तलाश और तेज कर दी गई है। इस बहुचर्चित वारदात में दो आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
बीते चौबीस अप्रैल को हुई इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। भीषण गर्मी के बीच रिश्तेदारी जा रहे युवक-युवती को नौबस्ता रोड के जंगल में रोककर तीन दरिंदों ने पहले युवक को बंधक बनाया, फिर युवती के साथ घंटों दरिंदगी की। विरोध करने पर मारपीट, अश्लील वीडियो बनाने और यूपीआई के जरिए रुपये ट्रांसफर कराने तक के आरोप सामने आए। पीड़ित पक्ष का आरोप था कि 25 अप्रैल को थाने पहुंचने के बाद भी मुकदमा तत्काल दर्ज नहीं किया गया। मामला पुलिस अधीक्षक तक पहुंचने पर एफआईआर लिखी गई और लापरवाही सामने आने पर खागा कोतवाली प्रभारी को पहले लाइन हाजिर और बाद में निलंबित कर दिया गया, साथ ही कस्बा चौकी इंचार्ज पर भी गाज गिरी। घटना के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए नामजद तीन आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन मुख्य साजिशकर्ता बबलू सिंगरौर फरार हो गया। शुरुआती दौर में उस पर 25 हजार, फिर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था और अब पुलिस मुख्यालय स्तर से इसे एक लाख तक बढ़ा दिया गया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन, रेलवे मूवमेंट और रिश्तेदारों के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। सात टीमें उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और आसपास के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। इटारसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध मूवमेंट मिलने के बाद एसओजी और सर्विलांस यूनिट को भी सक्रिय कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहना चाहती। फरार आरोपी और उसके नेटवर्क पर गैंगस्टर एक्ट लगाने की तैयारी की जा रही है। साथ ही उसकी अवैध संपत्तियों का ब्यौरा जुटाकर कुर्की की कार्रवाई की रूपरेखा बनाई जा रही है। प्रशासनिक सूत्र बताते हैं कि अपराध से अर्जित चल-अचल संपत्ति को चिन्हित करने के लिए राजस्व और पुलिस की संयुक्त रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है, ताकि आरोपी पर आर्थिक प्रहार भी किया जा सके। इससे स्पष्ट संकेत दिया जा रहा है कि पुलिस इस मामले में उदाहरण पेश करने के मूड में है। उधर पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध करा दी गई है। चिकित्सा सहायता, कानूनी सहयोग और मनोवैज्ञानिक परामर्श की व्यवस्था भी प्रशासन की ओर से की गई है। शासन स्तर से इस मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है ताकि आरोपियों को शीघ्र सजा दिलाई जा सके। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि पीड़िता पर किसी प्रकार का दबाव या समझौते का प्रयास करने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। इस जघन्य वारदात के बाद जिले की राजनीति भी उबाल पर है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अखिलेश यादव ने मामले को मुद्दा बनाकर सरकार को घेरा तो विभिन्न दलों के नेता पीड़िता के गांव पहुंचने की कोशिश में जुटे हैं। एक दिन पहले भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव के नेतृत्व में जा रहे प्रतिनिधिमंडल को भी पुलिस ने रास्ते में रोककर नजरबंद कर दिया था, जिसके बाद प्रशासन की भूमिका पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। विपक्ष इसे कानून-व्यवस्था की विफलता बता रहा है, जबकि पुलिस-प्रशासन पूरे घटनाक्रम को नियंत्रण में रखने के लिए हाई अलर्ट मोड पर है। —————————————– रेडक्रास कार्यकारिणी का चुनाव 26 मई को एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश राज्य शाखा के महासचिव रामानंद कटियार से प्राप्त निर्देशों के क्रम में इंडियन रेडक्रास सोसाइटी फ़तेहपुर का चुनाव 26 मई मंगलवार को विकास भवन सभागार में सम्पन्न किया जायेगा। जिसमें आजीवन सदस्य, पैटर्न, वॉइस पैटर्न सदस्य ही चुनाव में भाग लेंगे। चुनाव प्रक्रिया राज्य शाखा द्वारा भेजे जाने वाले पर्यवेक्षक व जिलाधिकारी द्वारा नामित चुनाव अधिकारी की देखरेख में होगी। चुनाव तिथि घोषित होते ही आचार संहिता लागू हो जाती है। इसलिए चुनाव प्रक्रिया तक नए सदस्य नहीं बनाए जा सकेंगे। महासचिव ने कहा कि पुरानी कार्यकारिणी भंग होने के साथ डॉ अनुराग श्रीवास्तव चुनाव प्रक्रिया तक कार्यकारी चेयरमैन बने रहेंगे। सभी आजीवन सदस्यों को चुनाव वाले दिन आधार कार्ड व रेडक्रास सदस्यता प्रमाण पत्र या आजीवन सदस्यता रसीद लेकर आनी रहेगी। सदस्यता सूची प्राप्त की जा सकती है। ———————————— मुंडन संस्कार से लौट रहे दम्पति की सड़क हादसे में मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– किशनपुर थाना क्षेत्र के खेमकरणपुर गांव के समीप स्थित लोहिया पुल के समीप बुधवार की दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में मुंडन संस्कार से लौट रहे दम्पति की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों की मौत के बाद मौके पर लोगों ने जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
खागा कोतवाली क्षेत्र के चौडाखेर निवासी शुभाष सिंह 28 वर्ष अपनी पत्नी सोनम सिंह 25 वर्ष के साथ मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए किशनपुर थाना क्षेत्र के सरौली गांव आया हुआ था। मुंडन संस्कार के कार्यक्रम के समापन के बाद वह पत्नी को लेकर वापस लौट रहा था। जैसे वह ससुर खदेरी नदी में बने लोहिया पुल के समीप पहुंचा की अचानक खागा की तरह से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। बाइक की भिड़ंत इतनी तेज थी कि बाइक सवार सवार महिला दस मीटर दूर जाकर गिरी। हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई। वहीं सड़क हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को एम्बुलेंस की मदद से इलाज के लिए भेजा गया। जहां पर महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सड़क हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना पर लोगों ने जाम लगा दिया जिसके बाद पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में किशनपुर प्रभारी निरीक्षक बच्चेलाल प्रसाद ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कार्यवाही की जा रही है। —————————————— सड़क हादसे में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के आरापुर मोड़ के समीप विगत चार दिन पूर्व निमंत्रण से पैदल घर आ रहे 65 वर्षीय वृद्ध को चार पहिया ने टक्कर मार दिया था। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान बुधवार की शाम सदर अस्पताल में मौत हो गयी।
बताते चलें कि गाजीपुर थाना क्षेत्र के करसवां गांव निवासी स्व0 शिवनाथ का पुत्र अमर सिंह 26 अप्रैल को आरापुर निमंत्रण में गया था। जहां से पैदल वापस आते समय आरापुर मोड़ के पास ही चार पहिया ने टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां जिन्दगी और मौत के बीच संघर्ष करते करते बुधवार की शाम उसने दम तोड़ दिया। वहीं सूचना पर पुलिस ने जिला चिकित्सालय मोर्चरी पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाबत जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में मृतक का दामाद सोहन लाल ने दी है। ————————————— सड़क हादसे में बाइक सवार दो घायल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली व हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बीच गुरूवार की सुबह चार पहिया वाहन की चपेट में आ जाने से बाइक सवार दो लोग घायल हो गये। जिन्हे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार कानपुर नगर के थाना रेउना गांव रजी खालसा निवासी किशन सिंह 20 वर्षीय पुत्र बीपी सिंह व हृदय सिंह का 40 वर्षीय पुत्र बबलू सिंह बाइक से रायबरेली जनपद के लालगंज जा रहे थे। बताते है कि जैसे ही यह लोग को सदर कोतवाली व हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बीच पहुंचे तभी चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दिया। जिससे दोनो घायल हो गये। सूचना पाकर मौके में पहुंची सरकारी एम्बुलेंस ने दोनो घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। —————————————- महिला को सर्प ने डसा एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम बहरामपुर में बीती रात घर में सो रही 50 वर्षीय महिला को जहरीले सर्प ने डस लिया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार बहरामपुर गांव निवासी दिनेश कुमार की पत्नी सुशीला देवी अपने कमरे में सो रही थी। तभी देर रात जहरीले सर्प ने उर्स डस लिया। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुयी तो उसे तत्काल सरकारी एम्बुलेंस द्वारा उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां इलाज कर रहे चिकित्सक ने महिला की हालत मंे सुधार बताया है। —————————————– बाइक भिड़ंत में ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की मौत, सात घायल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– दो बाइकों की भिड़ंत में सड़क पर उछल कर गिरे युवक के ऊपर ट्रैक्टर ट्राली का पहिया चढ़ जाने से मौत हो गई। दुर्घटना कल्यानपुर थाने के बिंदकी मुरादीपुर रोड पर महरहा भट्ठा के पास हुआ। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दिया है। सात अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
कल्यानपुर थाने के महरहा गांव निवासी राजा सोनकर उर्फ बृजेश की गांव में मुर्गा की दुकान हैं। बुधवार की देर रात मुर्गा काटते समय उंगली कट गई। इलाज कराने के लिए पड़ोसी दोस्त विशाल उर्फ शिवम राजपूत व सूरज सोनकर (22) बाइक से सीएचसी बिंदकी लेकर आ रहे थे। गांव से कुछ दूर ईंट भट्ठा के पास सामने से आ रहे बाइक सवार मलवां थाने के बसौनापुर गांव निवासी इंद्रेश जो भतीजी अकाशनी, फूफा अमौली चांदपुर के रहने वाले लक्ष्मी व यश को लेकर जा रहे थे, उनकी बाइक से सीधी भिड़ंत हो गई। सूरज बाइक से छिटक कर सड़क में गिरा, इसी दौरान बगल से निकल रहे ट्रैक्टर ट्राली के पहिया उसके पेट पर चढ़ गया। घायल को गंभीर हालत में सीएचसी लाया गया। इलाज के दौरान सूरज, बृजेश व विशाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय सूरज की मौत हो गई। सूचना पाते पुलिस मौके पर पहुंची शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। —————————————— करंट की चपेट में आने से युवक की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– हुसैनगंज थाना क्षेत्र में बिजली पोल में लगे झोंक में उतरे करंट से युवक की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है। थाना क्षेत्र के अहमदपुर उर्फ अचाकापुर के धर्म सिंह की दुकान के पास बिजली का ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। बुधवार की शाम गाँव के स्व.रमेश लोधी का पुत्र सैनील (22) किसी काम से दुकान गया था। बिजली के पोल की सेफ्टी के लिए लगी झोंक को पकड़कर युवक खड़ा हो गया। झोंक में उतरे करंट की चपेट में आ जाने से युवक की मौके पर मौत हो गई। इकलौता पुत्र की मौत के बाद परिवार में दुःख का पहाड़ टूट पड़ा। तीन बहनें थी सभी की शादियां हो चुकी हैं। पुत्र की मौत की सूचना पर माँ शिवदेवी बदहवास हो रही थी। मृतक के चाचा सीताराम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची। प्रभारी निरीक्षक आलोक पाण्डेय ने बताया कि करेन्ट से युवक के मौत की जानकारी मिली है। पंचायतनामा भर कर शव का पीएम कराया जा रहा है।