थरियांव पुलिस ने खोला बकरी चोरी गिरोह का राज, अन्य लघु खबरों के साथ
थरियांव पुलिस ने खोला बकरी चोरी गिरोह का राज, अन्य लघु खबरों के साथ
थरियांव पुलिस ने खोला बकरी चोरी गिरोह का राज
– तीन शातिर दबोचे; चार बकरियां व ई-रिक्शा बरामद
फोटो परिचय- पुलिस टीम की गिरफ्त में बकरी चोर गिरोह के सदस्य। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जिले के थरियांव थाना क्षेत्र में घर के बाहर बंधी चार बकरियां चोरी होने की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने बकरी चोरी करने वाले गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी की चारों बकरियां व घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है। गिरोह का एक अन्य सदस्य मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम केशवपुर निवासी रमेश पुत्र स्वर्गीय बुधराज ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि एक और दो मई की दरम्यानी रात करीब डेढ़ बजे अज्ञात चोर उनके घर के बाहर दरवाजे पर बंधी चार बकरियां चोरी कर ले गए। मामले में थाना थरियांव में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। एसपी अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी थरियांव के पर्यवेक्षण में थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार देर रात परदेशी ढाबा एकारी से करीब पांच सौ मीटर आगे सर्विस रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान सिल्वर रंग का एक ई-रिक्शा आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देख उसमें सवार चार लोग वाहन छोड़कर खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर तीन आरोपितों को दबोच लिया, जबकि एक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपितों में अरबपुर निवासी यासीन पुत्र रसीद, अरबपुर मजरे पीरनपुर निवासी फैजान पुत्र स्वर्गीय खुर्शीद, पूर्वी पनी निवासी रियाज पुत्र नबाब शामिल हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की गई चारों बकरियां बरामद कर ली गईं। साथ ही चोरी में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
इनसेट- दिन में करते थे रेकी, रात में करते थे चोरी
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे अपने साथी निहाल पुत्र सैफी के साथ मिलकर गांव-गांव फेरी लगाने के बहाने दिन में घूमते थे और जिन घरों के बाहर बकरियां बंधी दिखती थीं, उन्हें चिन्हित कर लेते थे। रात होते ही ई-रिक्शा लेकर पहुंचते और बकरियां चोरी कर बाजार में बेच देते थे। इसी से गिरोह अपना खर्च चलाता था। पुलिस के मुताबिक बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
इनसेट- आरोपितों पर पहले से भी दर्ज हैं मुकदमे
गिरफ्तार आरोपित यासीन पर पूर्व में भी कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है। वहीं गिरोह के अन्य सदस्यों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। ————————————– रोजगार मेला व कैरियर काउंसलिंग कार्यशाला कल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा छह मई को जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में रोजगार मेला व कैरियर काउंसलिंग कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा। जिसमें क्वेस कार्प कंपनी द्वारा टाटा मोटर्स के लिये ट्रेनी पद हेतु इंटर/आईटीआई उर्तीण 18 वर्ष से 25 वर्ष पुरूष वेतन 16250 प्रतिमाह, प्राइम कनेक्ट सर्विसेज फतेहपुर द्वारा सेल्स एवं आफिस स्टाफ हेतु हाईस्कूल उर्तीण 18 वर्ष से 40 वर्ष, पुरुष/महिला वेतन 10000 प्रतिमाह एवं भारतीय जीवन बीमा निगम द्वारा बीमा सखी हेतु इंटर, स्नातक उर्तीण 18 वर्ष से 45 वर्ष, महिला वेतन 7000 प्रतिमाह हेतु कंपनियों द्वारा प्रतिभाग कर योग्य अभ्यर्थियों को चयनित कर सेवायोजित किया जायेगा।
उन्होने बताया कि रोजगार मेला में चयन प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है। मेले में प्रतिभाग करने हेतु अभ्यर्थी का रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य है। कोई भी अभ्यर्थी जो इंटर, स्नातक, आई.टी.आई. डिप्लोमा उर्तीण, आयु 18 से 40 वर्ष तक हो उक्त तिथि को अपने पंजीयन प्रपत्र, स्वंय का बायोडाटा व समस्त प्रमाण पत्रो सहित कार्यालय परिसर में प्रातः 09.30 बजे तक अवश्य उपस्थित हो। अभ्यर्थी अधिक जानकारी विभाग के पोर्टल पर अथवा किसी भी कार्यदिवस पर कार्यालय में उपस्थित होकर व कार्यालय के दूरभाष 05180-298602 पर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। —————————————- प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग का होगा संचालन – पांच जून तक करें आवेदन, पात्रता निर्धारित एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु निःशुल्क कोचिंग का संचालन राजकीय इण्टर कालेज फतेहपुर, सुखदेव इण्टर कालेज खागा, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय खासमऊ खागा व दयानन्द इण्टर कालेज बिन्दकी के परिसर में किया जा रहा है। जिसमें यूपीएससी, यूपीपीएससी, एनडीए, सीडीएस, नीट एवं जेईई की कक्षायें संचालित हैं।
उन्होने बताया कि प्रवेश पाने के लिए आवेदन 05 मई से आरंभ होंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 05 जून निर्धारित है। जेईई, नीट के लिए कक्षा 11 एवं 12 में अध्ययनरत अथवा उत्तीर्ण विज्ञान वर्ग के छात्र-छात्राएं पात्र होगें। यूपीएससी, यूपीपीएससी की परीक्षा के प्रशिक्षण हेतु स्नातक अंतिम वर्ष अथवा स्नातक उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं पात्र होगें। उन्होने बताया कि अभ्यर्थी के पास हाईस्कूल, इण्टरमीडिएट, स्नातक के अंकपत्र व प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र एवं अंतिम शिक्षण संस्थान का चरित्र प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। परीक्षाओं हेतु इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन पत्र किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 10 बजे से सायं 04 बजे तक जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, राजकीय पुस्तकालय (मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना पुस्तकालय), राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास, महिला/बालिका फतेहपुर, राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास खागा, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय खासमऊ खागा व दयानन्द इण्टर कालेज बिन्दकी से निःशुल्क आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पांच जून को चार बजे तक पूर्ण करते हुये समस्त अभिलेखों सहित जमा कर सकते हैं। इस तिथि के बाद आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किये जायेगें। —————————————– ट्रक वापस दिलाए जाने की मांग एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गोली गांव में वाहन गिरवी रखने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित रामकिशोर ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि प्रतापगढ़ के एक ट्रक स्वामी ने उनकी गाड़ी को अस्थायी रूप से गिरवी रखकर पैसे लिए, लेकिन तय समय पर न तो रकम लौटाई और न ही वाहन वापस किया।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने भरोसा जीतकर ट्रक अपने पास रखी और कुछ दिनों में पैसे लौटाने का वादा किया था। समय बीतने पर जब पीड़ित ने पैसे या वाहन की मांग की तो आरोपी टालमटोल करने लगा। बाद में उसने कथित तौर पर ट्रक को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। पीड़ित का कहना है कि जब उसने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी ने अभद्रता की और धमकी भी दी। घटना से आहत होकर पीड़ित ने कोतवाली में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है। न्याय की गुहार लगाई है। —————————————– निवेश की सही समझ ही बनाएगी सुरक्षित कल – केंद्रीय विद्यालय में गूंजा वित्तीय साक्षरता का संदेश एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– बदलते आर्थिक परिवेश में केवल कमाई ही नहीं, बल्कि कमाई को सही दिशा में लगाना भी उतना ही जरूरी है। इसी उद्देश्य को लेकर केंद्रीय विद्यालय में एक प्रभावशाली निवेशक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षकों एवं अभिभावकों को वित्तीय साक्षरता, सुरक्षित निवेश, बचत की आदत और भविष्य की आर्थिक योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि आज की छोटी-छोटी बचत और समझदारी से किया गया निवेश ही आने वाले कल की आर्थिक मजबूती की नींव बनता है।
यह जागरूकता सत्र सेबी के सहयोग से अवोक इंडिया फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय विद्यालय की प्राचार्य वीनू मिश्रा रहीं। अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में वित्तीय ज्ञान प्रत्येक परिवार की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। यदि अभिभावक स्वयं धन प्रबंधन, बचत और निवेश के प्रति जागरूक होंगे तो वे अपने बच्चों में भी छोटी उम्र से आर्थिक अनुशासन, जिम्मेदारी और भविष्य की योजना बनाने की आदत विकसित कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त समाज के निर्माण के लिए वित्तीय शिक्षा का घर-घर पहुंचना जरूरी है। निवेशक जागरूकता प्रशिक्षक सुशील कुमार शुक्ला ने सरल और सहज भाषा में प्रतिभागियों को निवेश की बारीकियों से परिचित कराया। सत्र में फर्जी निवेश योजनाओं, लालच देने वाले अनधिकृत ऑफरों और बिना जानकारी धन लगाने के खतरों पर भी विशेष चर्चा की गई। अंत में शिक्षकों एवं अभिभावकों ने इसे अत्यंत उपयोगी बताया। ————————————- किशोरी की यमुना नदी में डूबने से मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। खखरेरू थाना के कोट गांव मजरे चंदनमऊ में एक दर्दनाक हादसा हो गया। गोद भराई समारोह में शामिल होने आई 14 वर्षीय किशोरी की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार किशोरी अंजू कुमारी पुत्री फूल चंद निवासी पुनवार, पश्चिम शरीरा, जिला कौशांबी कक्षा आठ की छात्रा थी। रविवार को अपने परिजनों के साथ रिश्तेदारी में आयोजित गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। समारोह के दूसरे दिन सुबह लगभग आठ बजे वह अन्य बच्चों के साथ यमुना नदी में नहाने गई थी। नहाते समय गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी यह देख बच्चे चीखने चिल्लाने लगे। चीख पुकार सुनकर
परिजन और स्थानीय लोग नदी के किनारे पहुंचे उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। काफी प्रयास के बाद किशोरी को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ————————————– आग लगा पुजारी ने दी जान एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरहटा में 95 वर्षीय पुजारी ने मंदिर में ही आग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार सेमरहटा गांव निवासी स्व0 सुखदेव का पुत्र कंधई 12 वर्षाे से गांव में स्थित मंदिर में पुजारी था। रविवार की रात लगभग 9 बजे मंदिर में ही पुजारी ने खुद को आग के हवाले कर दिया। चीख पुकार सुन आस-पास के लोगों ने पुजारी के शरीर में लगी आग को जल्दी-जल्दी बुझाया और उपचार के लिए मलवंा थाना क्षेत्र के अल्लीपुर शर्मा हास्पिटल में भर्ती कराया। जहां इलाज दौरान उसकी मौत हो गयी। सूचना पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाबत जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में मृतक का पुत्र पप्पू ने दी है। —————————————– जहर खा युवक ने किया आत्महत्या का प्रयास एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हथगाम थाना क्षेत्र के ग्राम चकबहेरा में सोमवार की सुबह परिजनों की डाट से क्षुब्ध 22 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर कानपुर के लिए रेफर कर दिया। परिजन शहर के ही निजी अस्पताल में भर्ती कर इलाज करा रहे है।
जानकारी के अनुसार चक बहेरा गांव निवासी श्याम लाल का पुत्र संदीप कुमार को सुबह परिजनो ने किसी बात को लेकर डांट डपट दिया। इसी बात से क्षुब्ध होकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ समय बाद जब उसकी हालत बिगडने लगी तो परिजन उसे तत्काल सरकारी एम्बुलेंस द्वारा उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां इमरजेन्सी में तैनात चिकित्सक ने युवक की हालत गंभीर देखते हुये कानपुर के लिए रेफर कर दिया। परन्तु परिजन कानपुर न ले जाकर शहर के ही एक नर्सिग होम में भर्ती कर इलाज करा रहे है। —————————————- एक के बाद एक भिड़े कई वाहन, दो की मौत, चार घायल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात आठ बजे के करीब बिंदकी रोड रेलवे ओवरब्रिज उतरते समय बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक के बाद एक कार सहित चार वाहन टकरा गए। हादसा इतना भयावाह था कि शीशे के टुकड़े सौ मीटर तक बिखर गए और चीख पुकार मच गई। चौडगरा की ओर से आ रहे बाइक सवार को टक्कर मारते हुए पहुर की ओर से आ रहे कंटेनर ट्रक सामने से आ रही स्लीपर बस से भिड़ गया। बस के पीछे चल रही ब्रेजा कार भी अनियंत्रित होकर पीछे से बस से टकरा गई। कार में बकेवर थाना क्षेत्र के बकेवर बुजुर्ग निवासी जय गोविंद वर्मा समेत पांच लोग सवार थे। कार सवार ने बताया कि हादसे में एक बच्चा घायल हुआ है, जिसे निजी वाहन से अस्पताल भेजा गया है। टक्कर के बाद कार के एयरबैग खुल गए, जिससे कार में सवार लोग बच गए। अन्य घायलों बाइक सवार बकेवर थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर मझिलेगांव निवासी विवेक उम्र 39 वर्ष पुत्र बाबू प्रसाद व उन्नाव के जयराजनगर निवासी अमन द्विवेदी उम्र 34 वर्ष पुत्र विष्णु द्विवेदी रिश्ते में चाचा भतीजे सहित बस सवार रंजीत सिंह उम्र 35 वर्ष पुत्र रमेश निवासी प्रेमनगर थाना सुल्तानपुर घोष, शोभित राज सिंह उम्र 28 वर्ष पुत्र गंगा सागर निवासी कल्याणपुर कानपुर, भारत उम्र 31 वर्ष पुत्र जालिम निवासी गोल कपड़िया ग्वालियर घायल हो गए। एंबुलेंस के माध्यम से बिंदकी समयुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया जहा गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद विवेक और अमन को रेफर कर जिला अस्पताल के लिए भेजा गया जहा उनकी मौत हो गई। वहीं पुलिस ने दो शवों को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।