झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से मासूम की हालत गंभीर, जांच के आदेश
झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से मासूम की हालत गंभीर, जांच के आदेश
हमीरपुर में झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से मासूम की हालत गंभीर, जांच के आदेश
संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर —हमीरपुर 3 मई — जनपद के जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरसुण्डी गांव में एक झोलाछाप डॉक्टर की कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें गलत इलाज के चलते 7 वर्षीय बालक की हालत नाजुक हो गई। परिजन बच्चे को बचाने के लिए अलग-अलग शहरों में इलाज करवा रहे हैं, जबकि प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामआसरे कोरी के पुत्र शिवम को 28 अप्रैल को अचानक पेट में दर्द की शिकायत हुई। परिजन उसे गांव में ही इलाज कर रहे कथित डॉक्टर विजय के पास ले गए। आरोप है कि बिना उचित जांच के डॉक्टर ने दवाएं देने के साथ ही ड्रिप चढ़ा दी।
परिजनों का कहना है कि इलाज के कुछ ही घंटों के भीतर बच्चे की हालत बिगड़ने लगी। घबराकर उसे राठ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच में गलत दवा और ड्रिप के कारण शरीर में संक्रमण फैलने की आशंका जताई। हालत गंभीर होने पर बालक को झांसी और बाद में ग्वालियर रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, अब तक इलाज में करीब 83 हजार रुपये खर्च हो चुके हैं और आगे ऑपरेशन की संभावना जताई गई है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
इस बीच, पीड़ित पिता ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने आरोपी से इलाज के खर्च में सहयोग की मांग की, तो उसने न केवल मना कर दिया बल्कि शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति बिना किसी वैध डिग्री या पंजीकरण के लंबे समय से गांव में अवैध रूप से चिकित्सा कार्य कर रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अभिषेक गोयल को शिकायत पत्र सौंपा गया है। प्रशासन ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है