नकाबपोश बदमाशों का तांडव, सीसीटीवी में कैद हुई पत्थरबाजी और अभद्रता
नकाबपोश बदमाशों का तांडव, सीसीटीवी में कैद हुई पत्थरबाजी और अभद्रता
इंद्रा नगर में नकाबपोश बदमाशों का तांडव, सीसीटीवी में कैद हुई पत्थरबाजी और अभद्रता दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन उरई– कोतवाली क्षेत्र के इंद्रा नगर मोहल्ले में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब नकाबपोश बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने घर पर ताबड़तोड़ पथराव किया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना के दौरान घर के बाहर आई महिलाओं के साथ भी आरोपियों ने गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ युवक चेहरे पर नकाब बांधकर पत्थरबाजी कर रहे हैं और मौके से फरार हो जाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ले में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की गश्त और कार्रवाई नाकाफी साबित हो रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मोहल्लेवासियों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।