शीतगृहों में पर्याप्त भंडारण, 17 मई तक सरकारी केंद्र पर बेचें आलू

   समाधान समारोह में आपसी सहमति से होगा विवादों का निस्तारण
– 21 अगस्त से होगी विशेष लोक अदालत


एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। आमजन को सरल, सस्ता और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने समाधान समारोह 2026 अभियान को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि भारत के सर्वाेच्च न्यायालय के निर्देश पर 21 अप्रैल से समाधान समारोह 2026 की शुरुआत हो चुकी है। जिसका समापन 21, 22 और 23 अगस्त को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के साथ होगा।
बताया गया कि विशेष लोक अदालत का आयोजन सर्वाेच्च न्यायालय परिसर में किया जाएगा, जिसमें सर्वाेच्च न्यायालय में लंबित मामलों का निस्तारण आपसी सहमति और सुलह-समझौते के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए पहले से ही सुलह बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार राज्य, जिला, तालुका और उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरणों के मध्यस्थता केंद्रों पर लगातार सुलह वार्ताएं आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थ और विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी पक्षकारों के बीच संवाद स्थापित कर विवादों के शांतिपूर्ण समाधान का प्रयास करेंगे। प्राधिकरण ने अधिवक्ताओं, वादकारियों और अन्य संबंधित पक्षों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि पक्षकार चाहें तो सशरीर अथवा वर्चुअल माध्यम से भी इन सुलह बैठकों में शामिल हो सकते हैं। अधिकारियों ने कहा कि समाधान समारोह 2026 का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को आसान बनाते हुए लोगों को लंबी कानूनी लड़ाई से राहत दिलाना और आपसी सहमति के जरिए विवादों का त्वरित निस्तारण कराना है।
——————————————— 


   दिव्यांगजनों के लिए हथगाम में लगा सहायक उपकरण शिविर
– 103 आवेदन मिले, आज ऐराया में लगेगा कैंप
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा विकास खंड हथगाम में कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के तहत चिन्हांकन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन किए।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने बताया कि आयोजित शिविर में कुल 128 दिव्यांगजनों ने प्रतिभाग किया। इनमें से 103 दिव्यांगजनों के कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत आवेदन प्राप्त किए गए, जबकि 25 दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाए गए। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से शुक्रवार 15 मई को विकास खंड ऐराया में भी चिन्हांकन शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों को अपने साथ आवश्यक दस्तावेज लाना अनिवार्य होगा, ताकि उन्हें विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके। विभाग के अनुसार शिविर में आने वाले लाभार्थियों को आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। ग्राम प्रधान द्वारा निर्गत प्रमाण पत्र भी मान्य रहेगा। शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों को स्मार्ट फोन, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, वॉकिंग स्टिक, बैसाखी, स्मार्ट केन, आईडी किट, हियरिंग एड तथा कृत्रिम हाथ-पैर जैसे सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। विशेष रूप से दृष्टिबाधित ऐसे छात्र-छात्राओं को स्मार्ट फोन दिए जाएंगे जो कक्षा 9 से उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। अधिक जानकारी के लिए विभागीय हेल्पलाइन नंबर 8189038778 पर संपर्क किया जा सकता है।
—————————————— 


 कछुआ चाल से बन रही सड़क, व्यापारी परेशान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। नौबस्ता रोड की हालत इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां सड़क निर्माण कार्य की रफ्तार इतनी धीमी है कि लोग इसकी तुलना कछुए की चाल से कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि विकास कार्य लगभग ठप पड़ा है और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
व्यापारी देवेंद्र शिवहरे, पोली, उमेश सिंह के अनुसार सड़क पर काम कभी-कभार शुरू होता है, लेकिन लगातार जारी नहीं रहता। एक दिन मशीनें दिखाई देती हैं तो अगले कई दिनों तक न मजदूर नजर आते हैं और न ही कोई गतिविधि होती है। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। टूटी-फूटी सड़क, धूल और गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि इस परियोजना में भ्रष्टाचार के चलते काम की गति प्रभावित हुई है। उनका कहना है कि ठेकेदार और संबंधित विभाग की लापरवाही के कारण सड़क निर्माण अधूरा पड़ा है। ग्रामीणों का तंज है कि शायद काम जानबूझकर धीमा किया जा रहा है। बरसात का मौसम नजदीक होने के कारण लोगों की चिंता और बढ़ गई है। यदि समय रहते सड़क का निर्माण पूरा नहीं हुआ तो हालात और खराब हो सकते हैं। अब क्षेत्रीय जनता प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रही है, ताकि सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके और लोगों को राहत मिल सके।
———————————————- 


 शीतगृहों में पर्याप्त भंडारण, 17 मई तक सरकारी केंद्र पर बेचें आलू
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद में आलू भंडारण को लेकर किसानों के लिए राहत भरी खबर है। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक ने बताया कि जिले के शीतगृहों में कुल 2.096 लाख मीट्रिक टन भंडारण क्षमता के सापेक्ष 1.48 लाख मीट्रिक टन आलू का भंडारण किया जा चुका है, जो कुल क्षमता का 70.65 प्रतिशत है। ऐसे में जनपद में आलू भंडारण की किसी प्रकार की समस्या नहीं है।
उन्होंने बताया कि आलू उत्पादक किसान शीतगृहों में सुरक्षित भंडारण कर बाजार भाव अनुकूल होने पर अपनी उपज बेचकर बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकते हैं। इसी क्रम में शासन की बाजार हस्तक्षेप योजना 2026-27 के तहत किसानों से समर्थन मूल्य पर आलू खरीदने के लिए जनपद में खरीद केंद्र स्थापित किया गया है। नवीन मंडी स्थल बांदा सागर रोड में राजकीय आलू क्रय केंद्र खोला गया है। जहां 17 मई तक किसानों से आलू की खरीद की जाएगी। जिला उद्यान अधिकारी के अनुसार शासन द्वारा नामित एजेंसी उ०प्र० राज्य औद्यानिक सहकारी विपणन संघ (हाफेड) किसानों से 650.09 रुपये प्रति कुंतल की दर से आलू खरीदेगी। खरीद केंद्र पर केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप आलू ही स्वीकार किए जाएंगे। आलू का आकार 45 से 85 एमएम व्यास का होना चाहिए तथा वह साफ, मजबूत, पका हुआ और रोगमुक्त होना जरूरी है। कटा-फटा, हरा, धूप से प्रभावित या खराब आलू खरीद के लिए मान्य नहीं होगा। केंद्र पर ही आलू की छंटाई और ग्रेडिंग की व्यवस्था की गई है। किसानों को भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में किया जाएगा। इच्छुक किसानों को आलू विक्रय के समय आधार कार्ड, पंजीकरण अभिलेख एवं फोटो पहचान पत्र की छायाप्रति साथ लानी होगी। अधिक जानकारी के लिए किसान केंद्र प्रभारी अखिलेश सिंह मो. 8756291705 तथा हाफेड प्रतिनिधि श्रीधर भटनागर मो. 7652088495 से संपर्क कर सकते हैं।
——————————————— 


 मायके में रह रही नवविवाहिता ने फंासी लगा की आत्महत्या
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जहानाबाद थाना क्षेत्र के सरांय धरमपुर अपने मायके में विगत बारह दिन से रह रही नवविवाहिता ने घर के अन्दर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका के पिता ने पति समेत ससुरालीजनों पर दहेज की मांग को लेकर आत्महत्या के लिए उकसाने का अरोप लगाया है। मृतका की शादी ढाई माह पूर्व हुई है।
जानकारी के अनुसार कानपुर नगर के थाना सजेती गांव रामसिंह का पुरवा निवासी शिवम दिवाकर की शादी ढाई माह पूर्व जहानाबाद निवासी सुरेश की पुत्री रीना देवी के साथ हुयी थी। बताते हैं कि शादी के डेढ माह बाद किसी बात को लेकर रीना अपने घर चली आई। कुछ दिन रहने के बाद वह अपने ससुराल चली गयी। बारह दिन पूर्व वह फिर अपने मायके आयी और गुरूवार की सुबह उसने घर के अन्दर कमरे में फंासी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतका का पिता सुरेश ने बताया कि उसका दामाद शराब पीने का आदी है और दहेज में एसी व बाइक को लेकर उसकी पुत्री को प्रताडित करता था। पिता ने बताया कि बुधवार की शाम दामाद व पुत्री के बीच फोन पर कुछ बाते हुयी जिस पर वह रोने लगी पूछने पर उसने बताया कि कल सुबह बताएंगे और आज सुबह उसने फंासी लगा अपनी जाने दे दी।
——————————————– 


    वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, पुत्र घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम बीबीहाट एनएच-2 में बुधवार की दोपहर चार पहिया की चपेट में आ जाने से मां बेटा गंभीर रूप से घायल हो गये। जिन्हे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में लाया गया। जहां इलाज के बाद दोनो को कानपुर के लिए रेफर कर दिया। जहां रास्ते में महिला की मौत हो गई जबकि पुत्र का कानपुर में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार थरियांव थाना क्षेत्र के केशवपुर गांव निवासी सुनील की 45 वर्षीय पत्नी सुमन देवी पुत्र अमित के साथ रिश्तेदारी में जा रही थी। जब यह लोग बीबीहाट के समीप एनएच-2 में पहुचे तभी पीछे से तेज रफ्तार आ रही चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे मां बेटा बुरी तरह घायल हो गये। सूचना पाकर मौके में पहुंची सराकरी एम्बुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां इमरजेन्सी में तैनात चिकित्सक ने मां बेटे की हालत गंभीर देखते हुये कानपुर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। परिजन इलाज के लिए कानपुर ले जा रहे थे। तभी रास्ते में सुमन ने दमतोड़ दिया। वहीं पुत्र अमित का हैलेट में इलाज चल रहा है। घर वाले शव लेकर वापस गांव आ गये और पुलिस को सूचना दे दी मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।

—————————————- 


फांसी लगा युवक ने दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम चक मुगल में गुरूवार की सुबह मानसिक तनाव के चलते 18 वर्षीय युवक ने घर के अन्दर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार चकमुगल गांव निवासी बकरीदी का पुत्र बल्लू ने गुरूवार की सुबह घर के अन्दर फंासी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में घटना के बाबत जानकारी मृतक का ममेरा भाई मो0 अली ने दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *