आम की फसल को बचाने के लिए उद्यान विभाग की एडवाइजरी जारी

     आम की फसल को बचाने के लिए उद्यान विभाग की एडवाइजरी जारी
फल मक्खी व कैटरपिलर कीट से सतर्क रहने की अपील
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक ने आम की फसल को हानिकारक कीटों और रोगों से बचाने के लिए किसानों एवं बागवानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि मई से जुलाई के बीच फल मक्खी और कैटरपिलर/कटर कीट का प्रकोप तेजी से बढ़ता है, जिससे आम की फसल को 30 से 60 प्रतिशत तक नुकसान पहुंच सकता है।
उन्होंने बताया कि फल मक्खी कीट पक रहे फलों में अंडे देकर गूदे को नुकसान पहुंचाता है, जिससे फल सड़कर गिर जाते हैं और बाजार योग्य नहीं रह जाते। वर्षा ऋतु में तापमान और आर्द्रता बढ़ने से इन कीटों का प्रकोप और अधिक बढ़ जाता है। उद्यान विभाग ने किसानों को रासायनिक दवाओं के प्रयोग से पहले एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन (आईपीएम) अपनाने की सलाह दी है। इसके तहत बागों की नियमित सफाई, खरपतवार नियंत्रण, हल्की जुताई और गिरे हुए सड़े फलों को नष्ट करने पर जोर दिया गया है। विभाग ने छोटे फलों की बैगिंग करने, मिथाइल यूजीनॉल ट्रैप और क्यू ल्यूर ट्रैप लगाने की भी सलाह दी है। आम और अमरूद के बागों में 20 से 25 ट्रैप प्रति हेक्टेयर लगाने से फल मक्खी नियंत्रण में मदद मिलेगी। फल मक्खी नियंत्रण के लिए बैट एप्लीकेशन तकनीक के तहत गुड़, डेल्टामेथ्रिन और पानी का घोल बनाकर पेड़ों के तनों और आसपास की झाड़ियों पर छिड़काव करने की सलाह दी गई है। साथ ही नीम तेल का 10 से 15 दिन के अंतराल पर छिड़काव भी प्रभावी बताया गया है। अंतिम विकल्प के रूप में रासायनिक नियंत्रण हेतु डेल्टामेथ्रिन 2.8 प्रतिशत ईसी का घोल बनाकर फल तुड़ाई से 3 से 7 दिन पहले छिड़काव करने की सलाह दी गई है। वहीं कैटरपिलर कटर कीट को आम उत्पादकों के लिए गंभीर खतरा बताते हुए विभाग ने लाइट ट्रैप के प्रयोग की सलाह दी है। इसके अलावा क्लोरोपाइरीफॉस व साइपरमेथ्रिन मिश्रित दवा, इमामेक्टिन बेंजोएट अथवा स्पिनेटोरम दवा के छिड़काव की सलाह दी गई है। आवश्यकता पड़ने पर 8 से 10 दिन बाद दोबारा छिड़काव करने को कहा गया है। उद्यान विभाग ने किसानों से कीटनाशकों के प्रयोग के दौरान सावधानी बरतने की अपील करते हुए दस्ताने, मास्क और चश्मे का उपयोग करने, बच्चों व जानवरों से दवाओं को दूर रखने तथा खाली डिब्बों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने के निर्देश दिए।
—————————————– 

  विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में आवेदन आमंत्रित
– कारीगरों को मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण व टूलकिट
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के पारंपरिक कारीगरों के कौशल विकास और आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उपायुक्त उद्योग ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए दर्जी, धोबी, मोची, कुम्हार, बढ़ई, लोहार, सुनार, राजमिस्त्री, हलवाई एवं नाई समेत विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को 10 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण एवं टूलकिट प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन उत्तर प्रदेश एमएसएमई विभाग की वेबसाइट पर किए जाएंगे। योजना के तहत चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर प्रमाणपत्र, मानदेय तथा टूलकिट उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभागीय ऋण योजनाओं के अंतर्गत नियमानुसार ऋण सुविधा भी प्रदान की जा सकेगी। आवेदन हेतु आवश्यक दस्तावेज निर्धारित किए गए हैं जिसमें पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक की छायाप्रति, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र (एससी/एसटी एवं ओबीसी वर्ग हेतु), आयु प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), तकनीकी योग्यता प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), संबंधित ट्रेड से जुड़े होने का प्रमाण पत्र, जिसे ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य, नगर पंचायत/नगरपालिका अध्यक्ष अथवा सभासद द्वारा प्रमाणित होना आवश्यक है। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि आवेदनकर्ता की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। वह जनपद फतेहपुर का स्थायी निवासी होना चाहिए। योजना के अंतर्गत एक परिवार से केवल एक ही व्यक्ति को लाभ दिया जाएगा। उन्होंने इच्छुक लाभार्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील करते हुए कहा कि अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्यदिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र से संपर्क किया जा सकता है।
—————————————- 
    युवक ने फांसी लगाकर दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम आंबी में संदिग्ध परिस्थितियों मंे 25 वर्षीय युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार आंबी गांव निवासी शत्रुघन सिंह के पुत्र चंदन ने बीती रात संदिग्ध अवस्था में घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो फांसी के फंदे पर चंदन का शव लटका देख परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
——————————————– 
   युवक ने खाया जहरीला पदार्थ, रेफर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ऊसर पुरवा गांव में परिजनों की डाँट से क्षुब्ध होकर युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने का प्रयास किया। परिजन उसको इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ऊसर पुरवा गांव निवासी पुरूषोत्तम के 18 वर्षीय पुत्र नीलेश कुमार को परिजनों ने किसी बात को लेकर डांट दिया। परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर उसने ज़हरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। कुछ समय पश्चात जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों को जानकारी हुई तुरंत परिजन उसको इलाज के लिए हुसैनगंज सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका उपचार कर रहे हैं।
————————————— 
    डेंगू पीड़ित युवक सड़क हादसे में घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। इलाज कराने जिला अस्पताल जा रहे डेंगू पीड़ित युवक का रिक्शा शुक्रवार सुबह सड़क हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से रिक्शा पलट गया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों की मदद से उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार असोथर थाना क्षेत्र के सातों धर्मपुर गांव निवासी 45 वर्षीय विनोद चौरसिया पिछले कई दिनों से डेंगू से पीड़ित थे। शुक्रवार सुबह वह रिक्शे से जिला अस्पताल इलाज कराने जा रहे थे। तभी थरियाव थाना क्षेत्र के हसवां मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने रिक्शे में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रिक्शा पलट गया और विनोद चौरसिया उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घायल विनोद ने अपने भाई मनोज चौरसिया को फोन कर सूचना दी। मनोज चौरसिया मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को बुलाया। इसके बाद भतीजे अनिल की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर लिया।
—————————————— 


    रेलवे लाइन के पास जंगल में मिला अज्ञात शव
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ चौडगरा, फतेहपुर। औंग थाना क्षेत्र के ग्राम सादीपुर स्थित रेलवे लाइन के निकट जंगल में एक अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने के प्रयास शुरू किए।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 60 वर्ष से अधिक प्रतीत हो रही है। शव पर केवल नेकर था। दोनों पैरों में मिट्टी लगी हुई है जबकि दोनों हाथों की मुट्ठियां बंधी हुई है। हाथ शरीर के ऊपर की ओर स्थिर अवस्था में थे। मृतक की एक आंख खुली व दूसरी बंद थी। शरीर पर किसी प्रकार के चोट, घाव या बाहरी निशान नहीं पाए गए। पुलिस ने आसपास के गांव और थानों में शव की शिनाख्त के लिए सूचना भेजी लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं। थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *