हरिहरगंज ओवरब्रिज के नीचे स्थायी निर्माण का विरोध

  हरिहरगंज ओवरब्रिज के नीचे स्थायी निर्माण का विरोध
– डीएम को ज्ञापन सौंपकर सड़क समतल रखने व स्थायी आवंटन पर रोक लगाने की मांग
फोटो परिचय-  कलेक्ट्रेट पर ज्ञापन देने के लिए खड़े व्यापारी।
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। शहर के सबसे पुराने और व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र हरिहरगंज में ओवरब्रिज के नीचे कराए जा रहे निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने चिंता जताई है। उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर ओवरब्रिज के नीचे किसी भी प्रकार का स्थायी निर्माण या आवंटन न किए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि हरिहरगंज क्षेत्र में बड़ी संख्या में व्यापारिक प्रतिष्ठान संचालित हैं, जहां प्रतिदिन सुबह से देर शाम तक हजारों ग्राहक दोपहिया और चारपहिया वाहनों से खरीदारी के लिए आते हैं। इसी मार्ग से शहर के कई मोहल्लों का संपर्क भी जुड़ा हुआ है, जिससे पूरे दिन भारी यातायात बना रहता है। व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान में सड़क की चौड़ाई एक ओर मात्र करीब 12 फीट है। रेलवे स्टेशन जाने वाला प्रमुख मार्ग होने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में ओवरब्रिज के नीचे किसी भी प्रकार का स्थायी निर्माण या आवंटन किया गया तो यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित होगी तथा आम लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ज्ञापन में मांग की गई कि ओवरब्रिज के नीचे होने वाले सुंदरीकरण एवं निर्माण कार्य को सड़क के समतल स्तर पर रखा जाए तथा किसी भी प्रकार का स्थायी आवंटन न किया जाए। साथ ही सक्षम अधिकारी से स्थल का निरीक्षण कराकर जनसुविधा और व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई। ज्ञापन पर उद्योग व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा सहित अवनीश गुप्ता, अजय कुमार गुप्ता, मोहित रस्तोगी, नरेन्द्र गुप्ता, राजेन्द्र गुप्ता, ज्ञानेन्द्र गुप्ता, रूपक गुप्ता, सरदार इन्द्रजीत सिंह, सर्वेश सिंह भदौरिया, सोमप्रकाश गुप्ता, राज गुप्ता, घनश्याम गुप्ता, सुधीर गुप्ता, रविन्द्र गुप्ता, सेराज, चरणजीत सिंह, विनोद त्रिपाठी, बृजेश त्रिपाठी, संतोष सर्राफ, प्रेमचन्द्र गुप्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *