नौबस्ता गंगा घाट मार्ग पर कावड़ियों की बढ़ेंगी मुश्किलें

  नौबस्ता गंगा घाट मार्ग पर कावड़ियों की बढ़ेंगी मुश्किलें
– गिट्टी व धूल भरे रास्ते से गुजरेंगे शिवभक्त
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज  खागा, फतेहपुर। सावन माह के पहले सोमवार को जलाभिषेक के लिए निकलने वाले कावड़ियों को इस बार नौबस्ता गंगा घाट मार्ग पर काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। सड़क निर्माण कार्य अधूरा होने और मार्ग पर केवल गिट्टी पड़े होने से श्रद्धालुओं के लिए यात्रा जोखिम भरी बन गई है। नंगे पैर चलकर गंगाजल लाने वाले शिवभक्तों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।


सावन का पहला सोमवार तीन अगस्त को पड़ रहा है। नवयुवक कावड़िया संघ के तत्वावधान में इसकुरी गांव से बड़ी संख्या में शिवभक्त नौबस्ता गंगा घाट पहुंचकर गंगाजल भरेंगे और वहां से पैदल यात्रा करते हुए मझिलगांव स्थित प्रसिद्ध कुंडेश्वर धाम में जलाभिषेक के लिए रवाना होंगे। संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस मार्ग से होकर गुजरते हैं, लेकिन इस बार सड़क निर्माण कार्य बीच में रुक जाने से रास्ता बेहद खराब हो गया है। जगह-जगह गिट्टी और धूल फैली हुई है, जिससे नंगे पैर चलने वाले कावड़ियों को चोट लगने की आशंका बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि भक्तों को इस बार कठिन परिस्थितियों में यात्रा पूरी करनी होगी और इसे भोलेनाथ की परीक्षा मानकर आगे बढ़ना पड़ेगा। नवयुवक कावड़िया संघ के तहसील अध्यक्ष रवि कुमार भोले ने लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि समय रहते सड़क निर्माण पूरा नहीं कराया गया, जिसका खामियाजा अब श्रद्धालुओं को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से मार्ग को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की, ताकि कावड़ यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके। स्थानीय लोगों ने भी कावड़ियों की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाने तथा मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग उठाई है।
————————————- —


ट्रक की चपेट में आकर अधेड़ की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज  फतेहपुर। बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के दरवेशाबाद के समीप बुधवार की देर रात ट्रक की चपेट मंे आ जाने से 52 वर्षीय अधेड़ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मलवां थाना क्षेत्र के भदबा गांव निवासी स्व0 घसीटे का पुत्र दिनेश कुमार बुधवार की रात लगभग आठ बजे रिश्तेदारी से घर वापस आ रहा था। जब वह दरवेशाबाद के समीप पहुंचा तभी पीछे से तेज रफ्तार आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया जिससे दिनेश की घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके पर वाहन छोड़कर भाग जाने में सफल रहा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
———————————– —


झगड़े से तंग वृद्धा ने फांसी लगा दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज  फतेहपुर। जाफरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बिंदौर में गुरूवार की सुबह पुत बहू से झगड़े के बाद 80 वर्षीय वृद्ध महिला ने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार बिंदौर गांव निवासी स्व0 कालीचरन की पत्नी लक्ष्मनिया देवी का पिछले एक पखवारे से बहू से किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था। जिससे तंग आकर वृद्ध महिला ने गुरूवार की सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाबत जानकारी मृतक के पुत्र जगरूप ने दी है।
—————————————– –


अनियंत्रित बाइक से गिरकर चाचा-भतीजा घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के मदरियापुर के समीप गुरूवार की सुबह ब्रेकर में अचानक गाड़ी उछल जाने से चाचा-भतीजा घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के पहनी छीटू गांव निवासी सुरेश मिश्रा का 45 वर्षीय पुत्र सोनू अपने 12 वर्षीय भतीजे सत्यम उर्फ धर्मेन्द्र जोशी के साथ बाइक से घर आ रहा था। तभी मदरियापुर के समीप ब्रेकर में अचानक बाइक उछल जाने से अनियंत्रित होकर गिर गए। जिससे दोनों घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *