सड़क पर रफ्तार का खेल पड़ेगा भारी, पुलिस का हाईटेक शिकंजा शुरू

सड़क पर रफ्तार का खेल पड़ेगा भारी, पुलिस का हाईटेक शिकंजा शुरू
एसपी ने हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन को दिखाई हरी झंडी
फोटो परिचय-  हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करते एसपी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिले में सड़क हादसों पर लगाम कसने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए पुलिस ने शुक्रवार से हाईटेक अभियान की शुरुआत कर दी। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने अत्याधुनिक तकनीक से लैस चार पहिया इंटरसेप्टर वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अब जिले की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार, स्टंटबाजी और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर तकनीक के जरिए पैनी नजर रखी जाएगी।
एसपी ने कहा कि यह इंटरसेप्टर वाहन आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित है, जिससे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ साक्ष्य के आधार पर तत्काल और पारदर्शी कार्रवाई की जाएगी। वाहन में लगी स्पीड लेजर गन तेज गति से दौड़ रहे वाहनों की रफ्तार मापेगी, ब्रेथ एनालाइजर शराब पीकर वाहन चलाने वालों की पहचान करेगा, डेसीबल मीटर मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न की जांच करेगा, जबकि डिजिटल ई-चालान प्रणाली के माध्यम से मौके पर ही चालान की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार इंटरसेप्टर वाहन को जिले के दुर्घटना बाहुल्य ब्लैक स्पॉट, प्रमुख राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों, शहर के प्रवेश एवं निकास मार्गों, चिन्हित संवेदनशील थाना क्षेत्रों तथा तेज रफ्तार वाले इलाकों में चक्रानुसार तैनात किया जाएगा। इसके अलावा स्टंट बाइकिंग, रैश ड्राइविंग और अन्य खतरनाक यातायात उल्लंघनों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों में सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा शराब पीकर वाहन चलाने जैसी लापरवाही से बचें। पुलिस की इस नई पहल को सड़क सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन के संचालन से ओवरस्पीडिंग, स्टंटबाजी और यातायात नियमों की अनदेखी पर प्रभावी अंकुश लगेगा तथा सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *