हादसा: पेड़ की डाल गिरने से फार्च्युनर चकनाचूर
– पटेल नगर में सेंट्रल बैंक के सामने हुआ हादसा
– निजी नर्सिंग होम संचालक की कार बनी मलबा
फोटो परिचय- फार्च्युनर कार के ऊपर गिरी पेड़ की डाल का दृश्य। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शहर के व्यस्त इलाके पटेल नगर स्थित आईटीआई रोड पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। सेंट्रल बैंक के सामने वर्षों पुराने पेड़ की विशाल डाल अचानक भरभराकर नीचे आ गिरी और सड़क किनारे खड़ी फार्च्युनर कार को अपनी चपेट में ले लिया। भारी भरकम डाल के गिरते ही जोरदार धमाका हुआ और कार का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त तेज हवा चल रही थी। इसी दौरान वर्षों पुराने पेड़ की कमजोर हो चुकी डाल टूटकर सीधे कार पर आ गिरी। क्षतिग्रस्त कार आईटीआई रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम संचालक की बताई जा रही है, जो बैंक के सामने खड़ी थी। संयोग से उस समय कार में कोई सवार नहीं था। लोगों का कहना है कि यदि कार में कोई बैठा होता या उसी समय कोई राहगीर वहां से गुजर रहा होता तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि शहर में कई स्थानों पर वर्षों पुराने और जर्जर पेड़ खड़े हैं, जिनकी समय पर न तो छंटाई कराई जाती है और न ही उनकी स्थिति का परीक्षण किया जाता है। बरसात और तेज हवा के मौसम में ऐसे पेड़ कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। घटना में भले ही कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार को भारी नुकसान पहुंचा है।