डीएम-एसपी ने सुनीं फरियाद, 69 में 27 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

  थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियाद, 69 में 27 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

दीपक धुरिया अजरा न्यूज जालौन — जालौन थाना समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी राजेश सिंह ने थाना जालौन के सभागार में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान दूर-दराज से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, चकरोड, नाली निर्माण, जलभराव और बरसात से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।

थाना जालौन में कुल पांच शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, जनपद के सभी थानों में कुल 69 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 27 शिकायतों का मौके पर समाधान कराया गया। शेष मामलों के निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर संबंधित स्थानों पर भेजी गईं।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच करें। दोनों पक्षों को सुनने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाए और शिकायतकर्ता से फीडबैक लेकर उसकी संतुष्टि के बाद ही प्रकरण को निस्तारित माना जाए।

उन्होंने विरासत, खतौनी में नाम की त्रुटि, हदबंदी और अन्य भूमि संबंधी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि राजस्व मामलों में अनावश्यक देरी से आम लोगों को परेशानी होती है, इसलिए निर्धारित समय-सीमा में निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

इस दौरान उप जिलाधिकारी राकेश सोनी, एसएचओ सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *