श्मशान घाट नहीं मिला तो सड़क किनारे हुआ बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार

 श्मशान घाट नहीं मिला तो सड़क किनारे हुआ बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार

बारिश के बीच कोंच-रावतपुरा मार्ग किनारे ग्रामीणों ने किया अंतिम संस्कार, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

दीपक धुरिया अजरा न्यूज जालौन — जालौन जिले के नदीगांव विकासखंड क्षेत्र के गिदवासा गांव में बुनियादी सुविधाओं की बदहाल तस्वीर सामने आई है। गांव में श्मशान घाट की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला रामश्री के निधन के बाद ग्रामीणों को मजबूरी में सड़क किनारे उनका अंतिम संस्कार करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि शनिवार को बारिश के बीच ग्रामीणों ने कोंच-रावतपुरा मार्ग के किनारे अंतिम संस्कार किया। इस दौरान बारिश से बचाव के लिए भी ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सड़क किनारे अंतिम संस्कार किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से अंतिम संस्कार के लिए उचित स्थान की समस्या बनी हुई है। खासकर बारिश के मौसम में हालात और भी मुश्किल हो जाते हैं। ग्रामीणों को मजबूरी में सड़क किनारे या अन्य असुरक्षित स्थानों पर अंतिम संस्कार करना पड़ता है।

इस घटना ने गांवों में बुनियादी सुविधाओं और विकास के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार गांव-गांव विकास और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे करती है, लेकिन गिदवासा गांव में एक बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार सड़क किनारे होना जमीनी हकीकत की तस्वीर सामने ला रहा है।

अब ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में जल्द से जल्द स्थायी श्मशान घाट की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी परिवार को अंतिम संस्कार के लिए इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले का संज्ञान लेकर क्या कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *