जीजीआईसी पहुंचीं डीएम, छात्राओं से सीधे लिया पढ़ाई का फीडबैक

  जीजीआईसी पहुंचीं डीएम, छात्राओं से सीधे लिया पढ़ाई का फीडबैक
– पानी-शौचालय से लेकर पढ़ाई तक परखी व्यवस्थाएं
– रुचि के मुताबिक कैरियर चुनें और लक्ष्य हासिल करने में जुट जाएं: निधि
फोटो परिचय- जीजीआईसी में छात्राओं से वार्ता करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में बुधवार को उस समय हलचल मच गई, जब जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स बिना किसी पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण करने पहुंच गईं। डीएम ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को केवल कागजों पर नहीं, बल्कि मौके पर जाकर परखा। उन्होंने साफ-सफाई, पीने के पानी, शौचालय और नियमित कक्षाओं की स्थिति देखने के साथ ही छात्राओं से सीधे बातचीत कर पढ़ाई का फीडबैक लिया। छात्राओं ने पढ़ाई को संतोषजनक बताया।

इसके बाद डीएम ने छात्राओं को भविष्य की राह दिखाते हुए कहा कि अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार कैरियर का चुनाव करें, लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत से आगे बढ़ें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और छात्राओं के लिए उपलब्ध पेयजल व्यवस्था को भी देखा। उन्होंने पीने के पानी की व्यवस्था को और बेहतर कराने तथा शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि छात्राओं को विद्यालय में पढ़ाई के साथ स्वच्छ और बेहतर वातावरण भी मिलना चाहिए। डीएम ने छात्राओं से सीधे संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली। छात्राओं द्वारा विद्यालय में पढ़ाई अच्छी होने की बात बताए जाने पर उन्होंने छात्राओं का उत्साह बढ़ाया और कहा कि जीवन में सफलता के लिए लक्ष्य तय करना बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपनी रुचि को पहचानें, उसी के अनुरूप करियर का चयन करें और निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करें।

छात्राओं को अलग-अलग क्षेत्रों में कैरियर की संभावनाओं और सही दिशा में मार्गदर्शन मिल सके, इसके लिए जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को विद्यालय में कैरियर काउंसलिंग कार्यशाला आयोजित कराने के निर्देश दिए। डीएम ने विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *