ईद-ए-मिलादुन्नबी पर रोशनी से नहाया जिले का कोना-कोना

  ईद-ए-मिलादुन्नबी पर रोशनी से नहाया जिले का कोना-कोना
– हर गली व चौराहे पर दिखा जश्न-ए-खुशी, देर रात तक इबादत व लंगर का चला दौर
बारिश ने डाला खलल, नहीं थमा युवाओं का जोश
फोटो परिचय-
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। ईद-ए-मिलादुन्नबी के पर्व पर मंगलवार को शहर से लेकर ग्रामीणांचलों तक खुशी और उल्लास का माहौल नजर आया। मुस्लिम समाज के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ पर्व मनाते हुए घरों, गलियों, चौराहों और प्रमुख मार्गों को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और डिजिटल लाइटों से सजाया। शाम ढलते ही मुस्लिम बाहुल्य मोहल्ले रोशनी से जगमगा उठे और आकर्षक सजावट के बीच शहर का माहौल पर्व की खुशियों में सराबोर नजर आया।

उधर सुबह से कई चरणों में हुई बारिश ने तैयारियों में खलल डालने का काम किया। इसके बावजूद युवाओं का जोश नहीं थमा और अपने कार्य को अंजाम दिया।
शहर के विभिन्न मुस्लिम इलाकों में कई दिन पहले से ही पर्व की तैयारियां शुरू हो गई थीं। घरों की साफ-सफाई के साथ दरवाजों, छतों और आसपास के स्थानों पर विद्युत झालरें लगाई गईं। मोहल्लों की गलियों और चौराहों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया। कई स्थानों पर डिजिटल लाइटों और रंगीन रोशनी से की गई सजावट राहगीरों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। रात होते ही रोशनी से सजी गलियां किसी उत्सव के रंग में रंगी नजर आईं।

शहर के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में पर्व की रौनक देखते ही बनी। छोटी-छोटी गलियों से लेकर प्रमुख मार्गों तक जगह-जगह सजावट की गई। लोग परिवार के साथ घरों से बाहर निकले और सजी हुई गलियों का आनंद लेते नजर आए। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। कई स्थानों पर लोगों ने सामूहिक रूप से सजावट की व्यवस्था संभाली और पूरे क्षेत्र को आकर्षक रूप देने में योगदान दिया। पर्व के अवसर पर लोगों ने रातभर इबादत की और मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली व भाईचारे की दुआएं कीं। विभिन्न स्थानों पर लंगर का भी आयोजन किया गया, जहां आने-जाने वाले राहगीरों और जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *