पुरुष-महिला बंदीगृह, अस्पताल व आंगनबाड़ी केंद्र का लिया जायजा

  जेल पहुंचीं डीएम, सीसीटीवी से रसोई तक परखी व्यवस्था
पुरुष-महिला बंदीगृह, अस्पताल व आंगनबाड़ी केंद्र का लिया जायजा
– बंदियों को समय से विधिक सहायता देने के निर्देश
फोटो परिचय- जिला कारागार का निरीक्षण कर बाहर आतीं डीएम।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिला कारागार की व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों की हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने सोमवार को अचानक जिला जेल पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। डीएम के पहुंचते ही जेल प्रशासन में हलचल बढ़ गई। उन्होंने करीब सभी प्रमुख व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। यहां जेल में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति जांची गई। निरीक्षण के दौरान सभी कैमरे क्रियाशील पाए गए। इसके बाद डीएम ने पाकशाला (रसोईघर) पहुंचकर बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की व्यवस्था देखी। उन्होंने मीनू के अनुसार भोजन बनाए जाने की जानकारी ली और भोजन व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पुरुष एवं महिला बंदीगृह, आंगनबाड़ी केंद्र, चिकित्सालय और राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान की व्यवस्थाएं देखीं। जेल में बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया। डीएम ने जेल अधीक्षक को विशेष रूप से निर्देश दिया कि निरुद्ध बंदियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार समय से विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, जिससे कोई भी बंदी कानूनी मदद से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय, क्षेत्राधिकारी नगर, जेलर समेत जेल प्रशासन से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *