बंद मकानों के ताले तोड़ने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के सात शातिर गिरफ्तार

   बंद मकानों के ताले तोड़ने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के सात शातिर गिरफ्तार
– सीसीटीवी ने खोला राज, कार से करते थे रैकी
– दो वारदातों का सौ फीसदी माल बरामद, पुलिस टीम को 25 हजार का ईनाम
फोटो परिचय- पुलिस टीम की गिरफ्त में शातिर चोर व बरामद माल।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज अज़रा न्यूज फतेहपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र में बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए सात शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दोनों चोरी की घटनाओं का शत-प्रतिशत चोरी का माल, आठ एंड्रायड मोबाइल फोन, 34400 रुपये नकद व वारदात में प्रयुक्त किया कैरेंस कार समेत ताला तोड़ने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरोह का नेटवर्क उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ मध्य प्रदेश तक फैला है।

पुलिस लाइन के सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि चार-पांच व 16 सितंबर को कोतवाली क्षेत्र में चोरी की दो घटनाएं हुई थीं। दोनों वारदातों का तरीका एक जैसा था। पहली घटना साईंबिहार कालोनी व दूसरी वारदात शेखपुर उनवा में हुई, जहां घर का ताला तोड़कर जेवरात चोरी किए गए थे। दोनों घटनाओं में मिले सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग बने। फुटेज के आधार पर संदिग्धों और उनके आवागमन में इस्तेमाल वाहन की पड़ताल शुरू की गई। पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए विकास नागर, अनमोल सिंह, जयशिव गुप्ता, विकास निषाद, राहुल गुप्ता, मिथुन सिंह व दीपक उर्फ अंशू को गिरफ्तार किया। आरोपितों के कब्जे से दोनांे चोरियों का शत-प्रतिशत माल भी बरामद किया। इतना ही नहीं कार से तीन पाइप रिंच, प्लास, कटर, दो पेचकश और दो सब्बल भी बरामद किए गए। आरोपितों ने बताया कि वे चार पहिया वाहन से रिहायशी इलाकों में बंद मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही ताला व दरवाजा तोड़कर चोरी करते थे। पुलिस का कहना है कि कार पर लगा राजनीतिक दल का स्टीकर पुलिस से बचने के उद्देश्य से लगाया गया था। गिरफ्तार आरोपितों में अधिकांश कानपुर के निवासी हैं। विकास नागर, अनमोल सिंह, जयशिव गुप्ता, विकास निषाद, राहुल गुप्ता और मिथुन सिंह के पते कानपुर नगर से जुड़े हैं, जबकि दीपक उर्फ अंशू फतेहपुर के बिंदकी थाना क्षेत्र के जरौली गांव का निवासी है। एसपी ने गिरोह के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है। खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार मिश्रा मय टीम, प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह मय टीम सर्विलांस सेल व उपनिरीक्षक प्रवीण यादव मय टीम क्राइम डिटेक्शन टीम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *