सीवर लाइन की खुदाई बनी मुसीबत, मुख्य सचिव तक पहुंची शिकायत

    सीवर लाइन की खुदाई बनी मुसीबत, मुख्य सचिव तक पहुंची शिकायत
– बिना एनओसी सड़कें खोदने, सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी से बढ़ी परेशानी
फोटो परिचय-  सीवर लाइन के लिए खोदी गई सड़क।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शहर में सीवर लाइन बिछाने के नाम पर जगह-जगह खोदी गई सड़कें अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही हैं। बारिश के बाद खुदाई वाले स्थानों पर जलभराव व कीचड़ से आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। बिना एनओसी सड़क खोदने व सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप लगाते हुए युवा विकास समिति ने मामले को शासन तक पहुंचाया है। समिति ने मुख्य सचिव को शिकायती पत्र भेजकर सीवर लाइन निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

युवा विकास समिति के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया कि शहर में सीवर लाइन निर्माण कार्य के दौरान संबंधित कार्यदायी संस्था व जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कई स्थानों पर पर्याप्त तकनीकी अधिकारियों की मौजूदगी के बिना पेटी ठेकेदारों के माध्यम से कार्य कराया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता और मानकों के पालन को लेकर स्थिति संदिग्ध बनी हुई है। समिति ने कई स्थानों पर अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) व आवश्यक विभागीय अनुमति की स्थिति स्पष्ट किए बिना सड़कों की खुदाई किए जाने का भी आरोप लगाया है। खुदाई वाले स्थानों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से राहगीरों, बच्चों और स्थानीय निवासियों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। पत्र के माध्यम से सीवर लाइन निर्माण की उच्चस्तरीय जांच, मौके पर जिम्मेदार तकनीकी अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने, सड़क खुदाई से पहले एनओसी व आवश्यक अनुमतियों की जांच कराने, खुदाई वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा मानकों का पालन कराने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही जलभराव और कीचड़ की समस्या का स्थायी समाधान कराने तथा निर्माण कार्य की तकनीकी गुणवत्ता की जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों अथवा कार्यदायी संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *