गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा सत्य-अहिंसा का संदेश, डीएम ने दिलाया कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प
गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा सत्य-अहिंसा का संदेश, डीएम ने दिलाया कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प
गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा सत्य-अहिंसा का संदेश, डीएम ने दिलाया कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प
संवाददाता दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को जालौन कलेक्ट्रेट परिसर राष्ट्रभक्ति और गांधीवादी विचारों से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी समीर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन की प्रस्तुति ने माहौल को भावपूर्ण बना दिया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष, त्याग और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाने का संकल्प लिया। जिलाधिकारी समीर ने कहा कि 2 अक्टूबर देश के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को जन-जन से जोड़ा और देश को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी सामाजिक सद्भाव, स्वच्छता, नैतिकता और शांतिपूर्ण समाज के निर्माण के लिए प्रासंगिक हैं। गांधीजी के आदर्शों को केवल जयंती समारोह तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की प्रेरणादायी मिसाल बताया। ‘जय जवान, जय किसान’ के उनके संदेश का उल्लेख करते हुए डीएम ने कहा कि शास्त्री जी ने सार्वजनिक जीवन में कर्तव्यनिष्ठा और सादगी के उच्च मानदंड स्थापित किए। डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे गांधीजी के सत्य-अहिंसा तथा शास्त्रीजी की सादगी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को अपने कार्य व्यवहार का हिस्सा बनाएं। जनसेवा से जुड़े प्रत्येक दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और जनहित की भावना से किया जाए। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों पर चलने तथा जनसेवा और राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा से अपने दायित्व निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुहन पाठक, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, अतिरिक्त उप जिलाधिकारी कुमार संजय समेत कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।