पचास वर्ष की वकालत पूरी करने वाले 54 वरिष्ठ अधिवक्ता सम्मानित

 पचास वर्ष की वकालत पूरी करने वाले 54 वरिष्ठ अधिवक्ता सम्मानित
– न्यायमूर्ति सैय्यद कमर हसन रिजवी ने सेवाओं को सराहा
फोटो परिचय-  वरिष्ठ अधिवक्ताओं को सम्मानित करते न्यायमूर्ति सैय्यद कमर हसन रिजवी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। विधि व्यवसाय में पांच दशक से अधिक समय देकर न्यायिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ताओं के सम्मान में शनिवार को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के तत्वावधान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। बार परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधि व्यवसाय के 50 वर्ष पूरे कर चुके 54 वरिष्ठ अधिवक्ताओं को उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधीश सैय्यद कमर हसन रिजवी ने प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और शाल भेंटकर सम्मानित किया। वरिष्ठ अधिवक्ताओं के सम्मान से बार परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बाबू सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उच्च न्यायालय

के प्रशासनिक न्यायाधीश सैय्यद कमर हसन रिजवी और विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला जज सुधीर कुमार पंचम मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। वरिष्ठ अधिवक्ता असलम शेरखान ने अतिथियों को बुके भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद विधि व्यवसाय में 50 वर्ष पूरे करने वाले 54 वरिष्ठतम अधिवक्ताओं को मुख्य अतिथि ने प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न एवं शाल प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान न्यायमूर्ति ने वरिष्ठ अधिवक्ताओं की दीर्घकालीन सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि न्यायिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने अपने लंबे विधिक अनुभव से न केवल न्याय प्रक्रिया को समृद्ध किया

है, बल्कि नई पीढ़ी के अधिवक्ताओं के लिए भी मार्गदर्शन का कार्य किया है। समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ताओं के योगदान और उनके अनुभवों को याद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया। सम्मान पाने वाले अधिवक्ताओं के चेहरे पर भी खुशी और संतोष नजर आया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने सहभागिता की। इस मौके पर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के महामंत्री अनुराग नारायण मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष राकेश वर्मा, मो. रेहान उर्फ सदफ, रविंद्र यादव, संतोष कुमारी शुक्ला, मोहम्मद अय्यूब समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *