महालक्ष्मी पूजन से लौट रही 9 वर्षीय मासूम की नाले में डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

 महालक्ष्मी पूजन से लौट रही 9 वर्षीय मासूम की नाले में डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

ब्यूरो सुरेंद्र धुरिया अजरा न्यूज़ बांदा —  चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेंदा गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 9 वर्षीय मासूम बच्ची की नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पपरेंदा गांव निवासी 9 वर्षीय वंदना अपनी मां संतोषी, बुआ आरती और दादी शांति के साथ महालक्ष्मी पूजन के लिए गई थी। पूजा के बाद परिजनों के साथ वापस लौटते समय गांव के पास स्थित रपटा नाले की पुलिया पर अचानक वंदना और बालक नैतिक का पैर फिसल गया और दोनों पानी में जा गिरे।

हादसे के बाद परिजनों ने तत्काल बचाव का प्रयास किया। किसी तरह नैतिक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन वंदना तेज बहाव के कारण गहरे पानी में चली गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मासूम को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बताया गया कि वंदना गांव के ही विद्यालय में कक्षा-3 की छात्रा थी। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चिल्ला थाना प्रभारी आनंद साहू के अनुसार, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *