सीएम सामूहिक विवाह में 141 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

 सीएम सामूहिक विवाह में 141 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
– जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
फोटो परिचय-  सामूहिक विवाह में नवदंपतियों को आशीर्वाद देते जनप्रतिनिधि।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज बिंदकी, फतेहपुर। मलवां विकास खंड के गोपालगंज स्थित सर्वाेदय इंटर कॉलेज में सोमवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया। मंगलगीतों व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 141 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। वर-वधुओं ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर साथ निभाने का संकल्प लिया तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट और मंगलगीतों से गूंज उठा। समारोह में खुशियों और उत्साह का माहौल रहा। प्रशासन की देखरेख में विवाह की रस्में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न कराई गईं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिंदकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी, क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष शशि रमनजीत सिंह, नगर पालिका बिंदकी अध्यक्ष राधा साहू, समाज कल्याण विभाग के एडीओ नीरज कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष रमाकांत त्रिपाठी, महेश सिंह गौतम और पंकज शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में विकास खंड मलवां के 49, तेलियानी के 49, खजुहा के 34 तथा नगर पालिका बिंदकी के नौ जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। सरकार की ओर से नवदंपतियों को उपहार स्वरूप कपड़े, बर्तन, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। इसके साथ ही योजना के तहत कन्या के खाते में सहायता राशि भेजने की प्रक्रिया भी पूरी की गई। कार्यक्रम में वर-वधुओं के परिजनों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं। समारोह को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *