पीईटी परीक्षा केंद्र का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

 पीईटी परीक्षा केंद्र का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
– टूटी खिड़कियां ठीक कराने, सीसीटीवी जांचने व पेयजल-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश
फोटो परिचय- पीईटी परीक्षा केन्द्र का जायजा लेतीं डीएम व एसपी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) को सकुशल व सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने गुरुवार को दानियालपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों व प्रधानाचार्य को सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने कक्षाओं में फर्नीचर, प्रकाश व्यवस्था, पंखे, शौचालय और सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की जांच की। खिड़कियों के शीशे और जालियां टूटी मिलने पर जिलाधिकारी ने इन्हें तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही कक्षाओं में दीवार घड़ियां लगवाने, अभ्यर्थियों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने, सीसीटीवी कैमरों की जांच और शौचालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के प्रवेश और निकास, क्लॉक रूम सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की। डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। व्यवस्थाओं की दोबारा जांच के लिए एक सप्ताह के भीतर फिर निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान प्रधानाचार्य ने विद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर डीएम ने संबंधित खंड विकास अधिकारी को परिसर में जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन के लिए रिचार्ज पिट का निर्माण कराने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव की समस्या का प्रभावी समाधान हो सके। निरीक्षण के समय जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *