कन्या पूजन के साथ शिक्षा व सेवा का दिया संदेश
– कन्याओं को भोजन करा बांटी पाठ्य सामग्री
फोटो परिचय- कन्याओं को शिक्षण सामग्री वितरित करते कुमार शेखर। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। नवरात्र के पावन अवसर पर भोजन जन सेवा समिति के कुमार शेखर ने गुरुवार को कन्या पूजन कर श्रद्धा व भक्तिभाव के साथ धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया। कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका विधि-विधान से पूजन किया। साथ ही उन्हें भोजन कराकर पठन-पाठन की सामग्री व दक्षिणा भेंट की गई।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम कन्याओं के चरण पखारे गए। इसके बाद उन्हें माला पहनाकर व चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कन्याओं को खीर-पूड़ी का भोजन कराने के बाद शैक्षिक सामग्री और दक्षिणा भेंट की गई। कुमार शेखर ने कन्याओं का आशीर्वाद लेकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कन्या पूजन के उपरांत सेवा कार्यों को आगे बढ़ाते हुए शहर के चित्रांश नगर स्थित बिरसा मुंडा संस्कारशाला में बच्चों के बीच प्रसाद वितरित किया गया। आचार्य रामनारायण जी का विशेष सहयोग रहा। बच्चों को प्रसाद देकर उनके प्रति स्नेह और अपनत्व व्यक्त किया गया। कुमार शेखर ने कहा कि धार्मिक आयोजनों की सार्थकता तभी है, जब उनसे समाज में सेवा, संस्कार और मानवता की भावना मजबूत हो।