दादा की हत्या करने वाले दो पोतों को उम्रकैद – एडीजे-02 की अदालत ने 25-25 हजार रुपए का लगाया जुर्माना एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। दादा की हत्या के करीब दस साल पुराने मामले में अदालत ने दो दोषी पोतों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही 25-25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
बताते चलें कि गाजीपुर थाना क्षेत्र के बड़नपुर गांव निवासी वादी की तहरीर के आधार पर वर्ष 2016 में मुकदमा अपराध संख्या 177/2016 धारा 302 भारतीय दंड संहिता के तहत बलराम सिंह उर्फ चट्टू सिंह व मलखान सिंह के खिलाफ दादा की हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया, जहां मामले का विचारण किया गया। मुकदमे में दोषियों को सजा दिलाने के लिए पुलिस महानिदेशक के निर्देश व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत लगातार प्रभावी पैरवी की गई। स्थानीय पुलिस, मॉनिटरिंग सेल व अभियोजन पक्ष के समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप शुक्रवार को एडीजे-02 की अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषसिद्ध करार देते हुए आजीवन कारावास व प्रत्येक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। मामले में प्रभावी पैरवी की जिम्मेदारी मॉनिटरिंग सेल के प्रभारी निरीक्षक श्रवण कुमार सिंह ने संभाली। पुलिस टीम में कांस्टेबल रोहित राजावत, कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल विवेक कुमार शामिल रहे। मुकदमे के विवेचक उपनिरीक्षक अभय नारायण तिवारी, पैरोकार मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार पाल, कोर्ट मुहर्रिर महिला मुख्य आरक्षी श्वेता पटेल ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियोजन पक्ष की ओर से एडीजीसी प्रमिल कुमार श्रीवास्तव ने पैरवी की। ——————————————— रामलीला के 25 वर्ष पूर्ण होने पर होगा रजत जयंती महोत्सव – स्वामी श्री आत्मानंद गिरि जी महाराज के मुखारविंद से श्रद्धालु करेंगे कथा का श्रवण एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मलवा ब्लॉक के अंतर्गत रेवाड़ी बुजुर्ग स्थित सब्जी मंडी में नवयुवक जागरण मंच द्वारा रामलीला महोत्सव के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती महोत्सव के रूप में नौ दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा एवं भव्य रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 20 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
महामंडलेश्वर, जूना अखाड़ा के स्वामी श्री आत्मानंद गिरि जी महाराज के मुखारविंद से श्रद्धालु श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण करेंगे। आयोजन का शुभारंभ बीस अक्टूबर मंगलवार को दोपहर दो बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। प्रतिदिन सुबह नौ बजे रुद्राभिषेक किया जाएगा, जबकि दोपहर दो बजे से हरि इच्छा तक कथा का आयोजन होगा। धार्मिक महोत्सव के अंतिम दिन 28 अक्टूबर को पूर्णाहुति एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, रामलीला महोत्सव के अंतर्गत 23 अक्टूबर को रात्रि आठ बजे वनवासी लीला व 24 अक्टूबर को रात्रि आठ बजे धनुष यज्ञ का मंचन किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागिता कर कथा श्रवण करने तथा धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। ———————————————– मोबाइल छिनैती के आरोपियों की पहचान पर मिलेगा 25 हजार का इनाम – सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए संदिग्ध युवक, पुलिस ने आमजन से मांगा सहयोग एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र में हुई मोबाइल फोन छिनैती की घटना के अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील की है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। आरोपियों के संबंध में सही एवं उपयोगी सूचना देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई है।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई को शाम करीब 7.30 बजे शहर स्थित शनिदेव मंदिर के पास सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवकों ने आलोक पटेल का काले रंग का आईफोन-15 छीन लिया था। वारदात के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में थाना कोतवाली नगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग जुटाए हैं। फुटेज में घटना में प्रयुक्त वाहन सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल दिखाई दे रही है। मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक की टी-शर्ट के पिछले हिस्से पर डीओ अंकित होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार दोनों युवकों की अंतिम लोकेशन अल्लीपुर बहेरा क्षेत्र में मिली है। पुलिस को आशंका है कि दोनों संदिग्ध युवक थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के नौबस्ता अथवा उसके आसपास के इलाके के निवासी हो सकते हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त दोनों युवकों की पहचान, नाम-पता अथवा उनके ठिकाने के संबंध में कोई जानकारी हो तो सदर कोतवाली पुलिस को सूचित कर सहयोग करें। सही व उपयोगी सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखते हुए उसे पच्चीस हजार रूपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। ———————————————- वृद्धा को सांप ने डसा, झाड़-फूंक के चक्कर में गई जान – अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र के कोट गांव में गुरुवार की रात जहरीले सांप के डसने से 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। महिला बिस्तर पर लेटी हुई थीं। पास में बनी ताक पर रखी दवा उठाने के लिए उन्होंने हाथ बढ़ाया, तभी वहां छिपे बैठे सांप ने उनके हाथ में डस लिया। सर्पदंश के बाद परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाय पहले झाड़-फूंक कराने में समय गंवा बैठे। हालत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार कोट गांव निवासी ननकी देवी (76) पत्नी कंधई रैदास गुरुवार रात करीब आठ बजे अपने बिस्तर पर लेटी थीं। इसी दौरान उन्होंने पास की ताक पर रखी दवा उठाने के लिए हाथ बढ़ाया, तभी सांप ने उन्हें डस लिया। घटना के बाद परिजन उन्हें झाड़-फूंक के लिए भीमपुर ले गए। वहां से हालत बिगड़ने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के चार पुत्र रोशन लाल, गुलाब, रोहित और पप्पू हैं। मां की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल है। इस संबंध में थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। ——————————————- अलग-अलग स्थानों पर फांसी पर लटके मिले दो युवक – एक मृतक के साले ने हत्या का लगाया आरोप एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत दो लोगों ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। एक मृतक के साले ने हत्या की आशंका व्यक्त की है।
जानकारी के अनुसार बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के सदान-बदान का पुरवा निवासी स्व. रक्षपाल का पुत्र शिवबरन का शव शुक्रवार की सुबह गांव से पांच सौ मीटर आम के पेड़ पर लटका मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के साले उपेन्द्र यादव ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए बताया कि रात आठ बजे घाटमपुर से चले थे, लेकिन घर नही पहुंचे। आज सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को बरामद किया है। इसी प्रकार जाफरगंज थाना क्षेत्र के घौरहा गांव निवासी दर्शन निषाद के 41 वर्षीय पुत्र सुरबिन्द निषाद ने मानसिक तनाव के चलते गांव के बाहर खेत में नीम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। —————————————– अलग-अलग सड़क हादसों में वृद्ध सहित दो की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत बीते चौबीस घंटे के अंतराल में हुए सड़क हादसे के दौरान वृद्ध सहित दो लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह थरियांव थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी स्व0 छोटा का 70 वर्षीय पुत्र रामा बाजार से पैदल घर आ रहा था। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए अस्पताल ला रहे थे तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसी प्रकार खागा कोतवाली क्षेत्र के टेकारी गांव निवासी जगदीश का 66 वर्षीय पुत्र विशुन दयाल गुरूवार की रात लगभग आठ बजे पैदल घर आ रहा था तभी अज्ञात वाहन की टक्कर लग जाने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।