बांदा में 23 अक्टूबर को परिवहन मेला, वाहन स्वामियों को मिलेगी बड़ी राहत
बांदा में 23 अक्टूबर को परिवहन मेला, वाहन स्वामियों को मिलेगी बड़ी राहत
बांदा में 23 अक्टूबर को परिवहन मेला, वाहन स्वामियों को मिलेगी बड़ी राहत
ब्यूरो सुरेंद्र धुरिया अज़रा न्यूज बांदा– वाहन स्वामियों, ट्रांसपोर्टरों और आम जनता को परिवहन संबंधी समस्याओं से राहत दिलाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग की ओर से 23 अक्टूबर 2026 को बांदा स्थित परिवहन कार्यालय परिसर में परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा। एआरटीओ प्रशासन श्याम लाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मेले में बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर और महोबा जिले के वाहन स्वामियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। मेले में बकाया टैक्स, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, पंजीकरण और वाहन संबंधी अन्य जरूरी कार्यों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय, चित्रकूटधाम मंडल, बांदा की ओर से 15 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, परिवहन आयुक्त के निर्देश पर वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रत्येक माह के चैथे शुक्रवार को विशेष परिवहन मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगा। इसका उद्देश्य परिवहन विभाग की सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है, जिससे वाहन स्वामियों को अपने काम के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, पहला परिवहन मेला 23 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को आयोजित होगा। इसके बाद 27 नवंबर 2026 और 26 दिसंबर 2026 को भी विशेष मेले लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से वाहन स्वामियों की लंबित समस्याओं का निस्तारण करने के साथ ही उन्हें परिवहन विभाग की विभिन्न सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। परिवहन मेले में बकाया कर और शास्ति से संबंधित मामलों में उत्तर प्रदेश मोटरयान कराधान नियमावली, 1998 के नियम 24 के तहत निर्धारित प्रावधानों के अनुसार राहत प्रदान की जाएगी। पात्र वाहन स्वामियों को नियमानुसार शास्ति में छूट देते हुए लंबित कर और बकाया मामलों का मौके पर निस्तारण करने की व्यवस्था की गई है। मेले में नए वाहनों का पंजीकरण, फिटनेस प्रमाणपत्र जारी कराने, परमिट के नवीनीकरण और अन्य आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित कार्यों के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा वन-टाइम टैक्स और अग्रिम कर जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। पुराने स्क्रैप वाहनों के स्थान पर नए वाहन खरीदने वाले पात्र वाहन स्वामियों को सर्टिफिकेट आफ डिपाजिट के आधार पर नए वाहन का पंजीकरण कराने में सहायता दी जाएगी।
वाहन स्वामियों को पंजीकरण प्रमाणपत्र यानी आरसी में अपना वैध मोबाइल नंबर अपडेट कराने की सुविधा भी मिलेगी। इससे परिवहन विभाग की ओर से भेजी जाने वाली महत्वपूर्ण सूचनाएं और ओटीपी प्राप्त करने में सहूलियत होगी। बकाया राशि जमा होने के बाद वाहन के दस्तावेजों और कर संबंधी स्थिति को विभागीय पोर्टल पर भी अपडेट किया जाएगा। परिवहन मेले में नकद भुगतान के अतिरिक्त यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग के माध्यम से भुगतान किया जा सकेगा। आवेदकों की सुविधा के लिए कर वसूली, पंजीकरण, फिटनेस, परमिट और हेल्पडेस्क के अलग-अलग काउंटर स्थापित किए जाएंगे, ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।संभागीय परिवहन अधिकारी सौरभ कुमार ने चित्रकूटधाम मंडल के सभी वाहन स्वामियों और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर परिवहन कार्यालय परिसर, बांदा पहुंचकर मेले का लाभ उठाएं। बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर और महोबाकृचारों जिलों के वाहन स्वामियों की परिवहन संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए बांदा में ही यह विशेष व्यवस्था की गई है।विभाग ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के बकाया कर का निस्तारण कराएं तथा फिटनेस, परमिट, पंजीकरण और अन्य जरूरी दस्तावेजों को समय से अपडेट कराकर भविष्य में होने वाली अनावश्यक परेशानियों से बचें।