रामलला के दरबार में फतेहपुर के तेल से जगमगाएंगे हजारों दीप: विक्रम

   रामलला के दरबार में फतेहपुर के तेल से जगमगाएंगे हजारों दीप: विक्रम
– घर-घर दस्तक देंगे चार रथ, पांच सौ लीटर तेल जुटाने का लक्ष्य
– मंडलों से शहर के वार्डों तक चलेगा अभियान, रामभक्त देंगे योगदान
फोटो परिचय-  पत्रकारों से वार्ता करते पूर्व विधायक विक्रम सिंह।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के जन्मदिन पर अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का दीपोत्सव फतेहपुर के रामभक्तों की आस्था के उजाले से रोशन होगा। रामलला के दरबार में दीप प्रज्जवलित करने के लिए जनपद के घर-घर से तेल एकत्र किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक विक्रम सिंह ने इसके लिए व्यापक कार्य योजना तैयार की है। अभियान के तहत जनपद के विभिन्न मंडलों, ब्लॉकों व शहर के सभी वार्डों में चार रथ भ्रमण करेंगे। इन रथों के माध्यम से श्रद्धालुओं से संपर्क कर करीब पांच सौ लीटर तेल जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।

पूर्व विधायक विक्रम सिंह ने गुरुवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के जन्मदिन को भव्य बनाने के लिए इस बार एक विशेष मुहिम की शुरूआत की जा रही है। उन्होने बताया कि अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में दीपोत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए जनपद के श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इसके लिए चार रथ निकाले जाएंगे, जो मंडलवार विभिन्न क्षेत्रों, ब्लॉकों और शहर के सभी वार्डों में पहुंचेंगे। रथों के साथ जुड़े कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और दीपोत्सव के लिए तेल दान करने की अपील करेंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान में शामिल होने वाले रामभक्त अपनी इच्छानुसार जितना भी तेल दान करना चाहें, कर सकेंगे। किसी पर दान के लिए कोई बाध्यता नहीं होगी। श्री सिंह ने बताया कि अभियान के माध्यम से लगभग पांच सौ लीटर तेल एकत्र करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। एकत्रित तेल पांच नवंबर को अयोध्या जनपद के जिलाधिकारी को भेजा जाएगा। जिससे अयोध्या में दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए कमेटी गठित कर अलग-अलग लोगों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। चारों रथ निर्धारित क्षेत्रों में भ्रमण कर जनसंपर्क करेंगे और लोगों को इस पहल से जोड़ेंगे। पूर्व विधायक ने रामभक्तों से अपील की कि वे अपनी श्रद्धा व सामर्थ्य के अनुसार तेल का दान कर अभियान में सहयोग करें। इस मौके पर नगर अध्यक्ष संजय मोदनवाल, सभासद सुनील गुप्ता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *