एमएलसी चुनाव: 15 मतदान केंद्रों के 25 बूथों पर 47.20 फीसदी हुआ मतदान
एमएलसी चुनाव: 15 मतदान केंद्रों के 25 बूथों पर 47.20 फीसदी हुआ मतदान
एमएलसी चुनाव: 15 मतदान केंद्रों के 25 बूथों पर 47.20 फीसदी हुआ मतदान – 27 को खुलेगा प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा – विजयीपुर बूथ पर सपा-भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प, पुलिस ने संभाला मोर्चा – डीएम-एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, देखी व्यवस्थाएं
फोटो परिचय- मतदान केन्द्र का निरीक्षण करतीं डीएम व साथ में एसपी। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन का मतदान शुक्रवार को जिले में सकुशल संपन्न हो गया। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक जिले में बनाए गए 15 मतदान केंद्रों के 25 बूथों पर स्नातक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के साथ ही मैदान में उतरे प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में कैद हो गया। अब 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना के बाद ही चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ होगी। जिले में कुल 17,596 स्नातक मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें 11,969 पुरुष और 5,627 महिला मतदाता शामिल रहे। मतदान के दौरान कुल 8,306 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें 6,067 पुरुष तथा 2,239 महिला मतदाता शामिल हैं। इस तरह जिले में कुल 47.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत करीब 50.69 प्रतिशत, जबकि महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 39.79 प्रतिशत रहा।
मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से पहले ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी भी रही। हालांकि विजयीपुर विकास खंड कार्यालय स्थित बूथ संख्या 159 पर सपा व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप किया और स्थिति को शांत कराया।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने संयुक्त रूप से विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कार्यालय क्षेत्र पंचायत विजयीपुर, कार्यालय क्षेत्र पंचायत बहुआ तथा तहसील खागा स्थित मतदान केंद्रों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम व एसपी ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं को देखा और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। शाम चार बजे मतदान समाप्त होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रांग रूम पहुंचाया गया। अब सभी की निगाहें 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। मतगणना के बाद ही पता चलेगा कि इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन में जीत का ताज किस प्रत्याशी के सिर सजेगा। इस चुनाव में समाजवादी पार्टी की ओर से मान सिंह यादव व भारतीय जनता पार्टी की ओर से अशोक कुमार राठौर प्रमुख रूप से मैदान में रहे। फिलहाल दोनों प्रत्याशियों के समर्थक अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं, लेकिन अंतिम फैसला मतगणना के बाद ही सामने आएगा।
सदर विधायक ने डाला वोट
फोटो परिचय- वोट डालकर बाहर आते सदर विधायक चन्द्र प्रकाश लोधी। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। इलाहाबाद-झांसी खण्ड स्नातक चुनाव को लेकर सुबह से ही मतदाता अपने-अपने मतदान केन्द्रों की ओर पहुंचे। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के सदर विधायक चन्द्र प्रकाश लोधी अपने परिवारीजनों के साथ राजकीय बालिका इंटर कालेज आईटीआई रोड पहुंचे। जहां उन्होने अपने मतदाधिकार का प्रयोग किया। वोट डालने के बाद जब सदर विधायक बाहर आए तो उन्होने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि लोकतंत्र में मतदान बेहद जरूरी है, इसलिए सभी मतदाताओं को अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। उन्होने दावा किया कि सपा प्रत्याशी मान सिंह यादव इलाहाबाद-झांसी खण्ड स्नातक चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।
मतदान केन्द्रों के बाहर लगाए बस्ते एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। एमएलसी चुनाव को लेकर मुख्य रूप से समाजवादी पार्टी व भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी ही आमने-सामने दिखाई दिए। सपा व भाजपा कार्यकर्ता अपने-अपने प्रत्याशी की जीत के दावे कर रहे हैं। दोनों पार्टी कार्यकर्ताआंे ने अपने-अपने प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदान केन्द्रों के बाहर अपने-अपने बस्ते लगाए और वोट डालने आने वाले मतदाताओं की पर्ची बनाकर देते रहे और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते रहे।