शराब ठेके पर सेल्समैन की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 शराब ठेके पर सेल्समैन की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
– ठेके से लूटी गई रकम व आला कत्ल पेड़ की डाल बरामद
– एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
फोटो परिचय-  घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बिंदकी क्षेत्र में बेखौफ हमलावरों ने शराब ठेके पर सो रहे सेल्समैन को निशाना बनाकर मौत के घाट उतार दिया। रात के सन्नाटे में हुए इस खूनी हमले में सेल्समैन सतेंद्र सिंह के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए गए। वारदात के बाद ठेके की चाबी निकालकर नकदी ले गए। घटनास्थल से तिरपाल में लिपटी खून से सनी पेड़ की डाली मिली है। पुलिस ने जांच शुरू की, वहीं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को मामले के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए। उधर पुलिस ने घटना में शामिल मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

जिसके पास से लूट की रकम भी बरामद कर ली है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दुगरेई गांव स्थित देशी शराब के ठेके पर सेल्समैन सतेंद्र सिंह रात करीब 12.15 बजे सोए थे। ठेके के पास ही एक कैंटीन है और दोनों के बीच कुछ खाट बिछी हुई हैं। सतेंद्र सिंह इन्हीं खाटों पर सो रहे थे। इसी दौरान उनके साथ मारपीट कर सिर पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी मौके पर पहुंची और घायल सतेंद्र सिंह को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक घटनास्थल से कुछ दूरी पर तिरपाल के अंदर खून से सनी पेड़ की एक डाली मिली है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शराब ठेके की बिक्री व नकदी का हिसाब भी खंगाला है। एसपी ने बताया कि घटना से एक दिन पहले दोपहर करीब दो बजे कलेक्शन करने आया व्यक्ति रुपये एकत्र कर ले गया था।

इसके बाद दोपहर दो बजे से बिक्री का हिसाब देखने पर देशी शराब के 90 पाउच बिकने की जानकारी मिली। हिसाब-किताब की जांच में ठेके से करीब पांच से छह हजार रुपये कम पाए गए हैं। पुलिस के अनुसार ठेके की चाबी निकालकर उसमें रखे कुछ रुपये भी ले लिए गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर घटना का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखा गया है। उधर पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी करके घटना में शामिल मुख्य आरोपी को लूटी गई नकदी सहित हिरासत में ले लिया। आरोपी से घटना के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है। अग्रिम वैधानिक कार्रवाई नियमानुसार प्रचलित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *