गला दबाकर हत्या कर झाड़ियों में फेंका था शव, वारदात में प्रयुक्त गमछा बरामद
गला दबाकर हत्या कर झाड़ियों में फेंका था शव, वारदात में प्रयुक्त गमछा बरामद
हुसैनगंज में युवक की हत्या का खुलासा, पति-पत्नी गिरफ्तार
– गला दबाकर हत्या कर झाड़ियों में फेंका था शव, वारदात में प्रयुक्त गमछा बरामद
फोटो परिचय- पुलिस टीम की गिरफ्त में आरोपी दम्पती। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र में पीसीपी इंटर कॉलेज के पास झाड़ियों में मिले करीब 30 वर्षीय कय्यूम के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त गमछा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 16 अक्टूबर को हुसैनगंज क्षेत्र में झाड़ियों के बीच एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक के बाएं हाथ की बाजू पर अल्लाह एसलामू लिखा था। पहचान के प्रयास के बाद 18 अक्टूबर को मृतक की पहचान कय्यूम पुत्र चांद बाबू अहमद निवासी ग्राम छेंऊका थाना हुसैनगंज के रूप में हुई। मामले में मृतक के पिता चांद बाबू ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके पुत्र कय्यूम की हत्या कर शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपी कमलेश पुत्र हरिश्चन्द्र निवासी ग्राम छेंऊका ने पुलिस को बताया कि कय्यूम व उसकी पत्नी प्रीती के बीच पूर्व में प्रेम-प्रसंग था। इस बात की जानकारी होने पर उसने अपनी पत्नी को समझाया और कय्यूम से संबंध न रखने को कहा।
पुलिस के मुताबिक 12 अक्टूबर को कय्यूम कमलेश के घर पहुंचा और उसकी पत्नी के साथ जबरदस्ती करने लगा। इसके बाद कमलेश ने पत्नी प्रीती के साथ मिलकर कय्यूम का मुंह दबाया और गमछे से उसका गला दबा दिया। आरोप है कि प्रीती ने कय्यूम के दोनों पैर पकड़ रखे थे। मौत होने के बाद दोनों ने शव को उठाकर झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने गुरूवार को आरोपी कमलेश को गिरफ्तार किया। वहीं शुक्रवार को उसकी पत्नी प्रीती को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हल्के हरे रंग का चेकदार गमछा बरामद किया है, जिस पर लाल, काले और नीले रंग की लाइनें बनी हुई हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 3(5) की बढ़ोत्तरी की गई है। दोनों आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक कुंवर प्रवर सिंह, कांस्टेबल सर्वेश यादव, कांस्टेबल प्रदीप यादव व महिला कांस्टेबल शिवानी शामिल रहीं।