बेरोजगार मुक्त जिला बनाने की पहल, जल्द चुना जाएगा पहला समृद्ध मॉडल गांव

 जिले में रोजगार के अवसर तलाशेगा संगठन: डा. सूर्य कुमार
– बेरोजगार मुक्त जिला बनाने की पहल, जल्द चुना जाएगा पहला समृद्ध मॉडल गांव
– युवाओं व कारीगरों को प्रशिक्षण, ऋण व स्वरोजगार से जोड़ने की तैयारी
फोटो परिचय-  पत्रकारों से वार्ता करते पूर्व डीजी होमगार्ड डा. सूर्य कुमार शुक्ला।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बेरोजगारी की समस्या से निपटने व युवाओं को रोजगार के साथ आत्मनिर्भरता की राह दिखाने के उद्देश्य से जिले में बेरोजगारी मुक्त भारत अभियान को गति देने की पहल की गई है। पूर्व पुलिस महानिदेशक होमगार्ड डॉ. सूर्य कुमार शुक्ला ने पुलिस लाइन स्थित गेस्ट हाउस में अभियान की रूपरेखा व इसके उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने अपनी जन्मभूमि से रोजगार, कौशल विकास व ग्रामीण आत्मनिर्भरता की नई पहल को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। अभियान के तहत जिले में जल्द ही पहले बेरोजगारी मुक्त एवं समृद्ध मॉडल गांव का चयन किया जाएगा। यहां युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और पारंपरिक कारीगरों की क्षमताओं को पहचानकर उन्हें रोजगार, स्वरोजगार, प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान का संचालन कमेटी फॉर सर्विस एंड डेवलपमेंट (सीएसडी) के अधीन रोजगार संगठन फॉर अनएम्प्लॉयड (ईओयू) के माध्यम से किया जा रहा है। योजना के अगले चरण में ईओयू की जिला समिति स्थानीय परिस्थितियों, उपलब्ध संसाधनों व रोजगार की संभावनाओं के आधार पर एक गांव का चयन करेगी। चयनित गांव को बेरोजगारी मुक्त एवं समृद्ध मॉडल गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में चरणबद्ध तरीके से काम किया जाएगा। इसके बाद संबंधित विभागों, ग्राम पंचायत, विकास खंड प्रशासन, जिला प्रशासन, बैंकों और प्रशिक्षण संस्थानों के सहयोग से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

अभियान के तहत पारंपरिक कारीगरों व छोटे व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक लोगों को विशेष रूप से लाभान्वित करने की योजना है। योजना में बिना गारंटी व बिना ब्याज ऋण उपलब्ध कराने, ऋण पर दस प्रतिशत की छूट देने तथा कारीगरों को दस दिन का निःशुल्क प्रशिक्षण देकर प्रतिदिन पांच सौ रुपये मानदेय देने का भी प्रस्ताव है। उन्होने बताया कि परियोजना को जिले में आगे बढ़ाने के संबंध में 24 अक्टूबर को सीडीओ पवन कुमार मीना से चर्चा की गई। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं की पहचान करने और प्रशासनिक सहयोग से कार्ययोजना तैयार करने पर विचार-विमर्श हुआ। सीडीओ ने पहल को आगे बढ़ाने में सहयोग का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स को भी अभियान की जानकारी दी गई है। इस मौके पर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अभिमन्यु सिंह, विपिन त्यागी, सीए ब्रज बिहारी शुक्ला, दिनेश तिवारी, सुनील त्रिपाठी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *