भोजन जन सेवा समिति ने स्थापना दिवस पर बच्चों को किया जागरूक

     भोजन जन सेवा समिति ने स्थापना दिवस पर बच्चों को किया जागरूक
फोटो परिचय-  हिंदी, अंग्रेजी, गणित व सामाजिक ज्ञान के चार्ट सौंपते समिति के संस्थापक।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जरूरतमंदों की सेवा व गरीब बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ भोजन जन सेवा समिति ने शनिवार को चित्रांश नगर स्थित बिरसा मुंडा संस्कारशाला में अपना नवां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। संस्था के नौ वर्ष पूरे होने के प्रतीक स्वरूप नौ दीपक जलाए गए। संस्कारशाला के बच्चों ने गीत व कहानी प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।


कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों ने बच्चों को संस्था की नौ वर्षों की सेवा यात्रा से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि समिति जरूरतमंदों को भोजन व राशन सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही कोरोना काल में गरीब परिवारों की मदद, दिव्यांग बच्चों के सहयोग, बुजुर्गों की सेवा, निराश्रित बच्चों की शिक्षा तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करती रही है। इसके अलावा सर्दियों में गर्म कपड़े व कंबल वितरित करने व विशेष पर्वों पर गरीब परिवारों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने जैसे कार्य भी किए जाते हैं।

समिति के सदस्यों ने बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि शिक्षा ही बेहतर भविष्य और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार है। सभी बच्चों को नियमित पढ़ाई करने, ज्ञान अर्जित करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों को बिस्किट व चॉकलेट वितरित किए गए। साथ ही पढ़ाई को सरल, रोचक और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से हिंदी, अंग्रेजी, गणित और सामाजिक ज्ञान सहित विभिन्न विषयों के शैक्षिक चार्ट संस्कारशाला के आचार्य राम नारायण को सौंपे गए।

इन चार्टों से चित्रांश नगर, विनोबा नगर, गढ़ीवा, गड़रियनपुरवा और महर्षि कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों के अतिनिर्धन परिवारों के बच्चों को पढ़ाई में मदद मिलेगी। इस मौके पर कुमार शेखर, अंकित वर्मा, शैलेश साहू, सागर वाल्मीकि, नरेश गुप्ता, मनीष केसरवानी, आदित्य सिंह, राकेश गुप्ता, हरिशंकर, नरेश अग्रहरी, सुरेश, दिलीप यादव, रीता सिंह तोमर, साधना चौरसिया, आकाश मोदनवाल, रोहित चौरसिया, अमित शुक्ला, अंशु प्रताप और रानू केसरवानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *