यातायात माह का आगाज, डीएम-एसपी ने दिलाई शपथ

   यातायात माह का आगाज, डीएम-एसपी ने दिलाई शपथ
– यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
फोटो परिचय-  जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते डीएम व एसपी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने व आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को यातायात माह नवंबर का भव्य शुभारंभ किया गया। तांबेश्वर चौराहा पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। इसके बाद जिलाधिकारी ने एनसीसी के छात्र-छात्राओं की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को काफी हद तक रोका जा सकता है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण यातायात नियमों की अनदेखी और वाहन चालकों की लापरवाही है। तेज रफ्तार, बिना हेलमेट वाहन चलाना, सीट बेल्ट का प्रयोग न करना और नशे की हालत में ड्राइविंग करना जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि यातायात माह का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। इस दौरान अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और एनसीसी के छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। जागरूकता रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट के इस्तेमाल, नियंत्रित गति से वाहन चलाने और यातायात संकेतों का पालन करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), मुख्य चिकित्साधिकारी, सीओ सिटी गौरव शर्मा, सीओ यातायात बृजमोहन राय, सीओ दुर्गेशदीप, संभागीय परिवहन अधिकारी प्रतीक मिश्रा, व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रदीप गर्ग, समाजसेवी अशोक तपस्वी, प्राइवेट बस एसोसिएशन के अध्यक्ष फरहत अली सिद्दीकी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *