विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर प्रेक्षागृह में लगा शिविर, मिला योजनाओं का लाभ
विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर प्रेक्षागृह में लगा शिविर, मिला योजनाओं का लाभ
मेगा शिविर में लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ – विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर प्रेक्षागृह में लगा शिविर
फोटो परिचय- लाभार्थी को प्रमाण पत्र देते जिला जज। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जरूरतमंदों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने व उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को सरदार बल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मेगा शिविर का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित शिविर में तीन हजार से अधिक लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ वितरित किया गया।
कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश सुधीर कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पलाश गांगुली, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित समस्त न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। विभिन्न विभागों की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से संबंधित लाभ प्रदान किए गए। शिविर में वृद्धावस्था पेंशन योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, कौशल विकास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, मुख्यमंत्री युवा योजना व प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। इसके साथ ही चिकित्सा विभाग की ओर से शिविर में पहुंचे लोगों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया।
शिविर में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए, जहां बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई। प्राधिकरण के सचिव पलाश गांगुली ने सहयोग करने वाले सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर न्याय पालिका, पुलिस प्रशासन व जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय एवं सामंजस्य का उदाहरण बना।