आसमान में बनाई नई पहचान, पॉयलट बन बढ़ाया फतेहपुर का मान
आसमान में बनाई नई पहचान, पॉयलट बन बढ़ाया फतेहपुर का मान
पूर्व मंत्री स्वर्गीय मुन्नालाल मौर्य के बेटे आदित्य नेआसमान में बनाई नई पहचान, पॉयलट बन बढ़ाया फतेहपुर का मान
– आदित्य मौर्य ने 200 घंटे की उड़ान पूरी कर हासिल की उपलब्धि, सुल्तानपुर घोष गांव में खुशी का माहौल
– विधायक ऊषा मौर्य सहित परिजनों ने दी बधाई, समर्थकों में दिखा उत्साह
– आईजीआरयूए रायबरेली में पूरा किया प्रशिक्षण, डायमंड-40 सीएस और डायमंड-42 मल्टी इंजन विमान उड़ाने का लिया प्रशिक्षण
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। ऐरायां ब्लॉक के सुल्तानपुर घोष क्षेत्र स्थित डोली का पुरवा निवासी आदित्य मौर्य उर्फ गुड्डू ने विमानन प्रशिक्षण के दौरान 200 घंटे की सफल उड़ान पूरी कर जिले का मान बढ़ाया है। रायबरेली स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी (आईजीआरयूए) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे आदित्य की इस उपलब्धि से परिवार के साथ ही सुल्तानपुर घोष और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे गांव के लिए गौरव का पल बताया है।
आदित्य मौर्य पूर्व मंत्री स्व. मुन्नालाल मौर्य के छोटे बेटे और हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र की सपा विधायक ऊषा मौर्य के पुत्र हैं। उन्होंने जून 2023 में कमर्शियल पायलट लाइसेंस के लिए प्रवेश परीक्षा दी थी, जिसमें 52वीं रैंक हासिल की। इसके बाद दो नवंबर 2023 को उन्होंने आईजीआरयूए रायबरेली में प्रवेश लिया और विमान उड़ाने का प्रशिक्षण शुरू किया। इसी क्रम में रविवार को उन्होंने 200 घंटे की सफल प्रशिक्षण उड़ान पूरी की। आदित्य ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने दो प्रकार के विमानों का प्रशिक्षण पूरा किया। इनमें डायमंड एयरक्राफ्ट 40 सीएस और डायमंड एयरक्राफ्ट 42 मल्टी इंजन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 200 घंटे की उड़ान का प्रशिक्षण पूरा करना कमर्शियल पायलट बनने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आगे बड़े कमर्शियल विमानों को उड़ाने के लिए संबंधित विमान के अनुसार अतिरिक्त प्रशिक्षण लेना होगा।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय प्रशिक्षकों, वरिष्ठों, परिजनों और शुभचिंतकों को देते हुए सभी का आभार जताया। आदित्य की उपलब्धि पर उनकी मां विधायक ऊषा मौर्य, बड़े भाई विकल्प मौर्य, बहनें निशा, पूजा और ज्योति सहित परिवार के सदस्यों ने खुशी जताई। उनके बाबा ननकू मौर्य, छोटे बाबा कल्लू मौर्य, बड़े पिता छेदीलाल मौर्य, चाचा हरिश्चंद्र मौर्य, मनोज मौर्य, बाबू मौर्य और संजय मौर्य ने उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया। वहीं मामा योगेंद्र मौर्य (लाला), रामनारायण मौर्य सहित अन्य सहयोगियों ने भी बधाई दी।
वहीं गांव के प्रधान संजीत सिंह यादव ने समर्थकों के साथ खुशी मनाई और ग्रामीणों के बीच मिठाई वितरित की। रामपाल मौर्य महाविद्यालय, गणेश शंकर विद्यार्थी बालिका इंटर कॉलेज और एमएलएम पब्लिक स्कूल सुल्तानपुर घोष के स्टाफ ने भी आदित्य को शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों का कहना है कि अब तक गुड्डू के नाम से पहचाने जाने वाले आदित्य ने अपनी मेहनत और लगन से पायलट के रूप में नई पहचान बनाई है।