खागा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, दिए निर्देश
खागा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, दिए निर्देश
खागा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, दिए निर्देश – एसडीम ने रामलीला मैदान का किया निरीक्षण
फोटो परिचय- पीस कमेटी की बैठक में भाग लेते एसडीएम व अन्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। आगामी दीपावली व रामलीला मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर कोतवाली खागा में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम अश्वनी पांडेय ने की। बैठक में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि मेले में दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु आते हैं। मेले में कुछ अराजक तत्व जबरन मारपीट करते हैं, इसे रोकने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि ऐसे लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा सके।
बैठक में निर्णय लिया गया कि डीजे की आवाज मानक रेंज में रखी जाए और तेज धमाके वाले प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री व भंडारण पर पूर्ण रोक रहेगी। पटाखे निर्धारित लिमिट में ही बेचे जाएंगे। बिजली विभाग के एसडीओ से अपील की गई कि मेले परिसर व नगर में नीचे लटक रही जर्जर व झूल रही बिजली की तारों को तत्काल ऊंचा कर दुरुस्त किया जाए, ताकि कोई हादसा न हो। वहीं नगर पंचायत से मेले स्थल व प्रमुख मार्गों पर विशेष साफ-सफाई व चूना छिड़काव कराने को कहा गया। बैठक के बाद एसडीम खागा ने रामलीला मैदान का निरीक्षण किया और वहां दिख रही कमियों को जल्द ही दूर करने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीओ रवि प्रकाश सिंह, कोतवाल संजय पांडेय, एसआई संदीप सिंह, ताराचंद पांडेय, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ला, सूर्य प्रकाश सिंह सहित तमाम व्यापारी, रामलीला कमेटी के पदाधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
————————————– ——-
पांच सौ दीपों से जगमगाएगी खागा मंडी – स्वच्छता अभियान के बाद होगा भव्य दीपोत्सव
फोटो परिचय- रंग-रोगन के बाद मंडी समिति के कार्यालय का दृश्य। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। मंडी समिति में इन दिनों स्वच्छता व बदलाव की नई पहल देखने को मिल रही है। स्वच्छ मंडी, शुभ मंडी अभियान के तहत मंडी समिति के सचिव सतीश चन्द्र तिवारी के नेतृत्व में पूरे परिसर की साफ-सफाई कराकर उसका कायाकल्प किया गया है। कार्यालय की रंगाई-पुताई के साथ परिसर को भी स्वच्छ और सुंदर बनाया गया है।
पहले जहां गंदगी के चलते किसानों व व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था, वहीं अब साफ-सुथरे वातावरण से मंडी की सूरत बदल गई है। अभियान के तहत हुए कार्यों को लेकर किसानों और व्यापारियों में भी संतोष देखने को मिल रहा है। स्वच्छ मंडी, शुभ मंडी अभियान के समापन की खुशी में मंडी समिति परिसर में भव्य दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पांच सौ दीप जलाकर पूरे परिसर को रोशनी से सजाया जाएगा। दीपोत्सव के माध्यम से स्वच्छता, सकारात्मकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया जाएगा। ————————————- ओवरब्रिज के नीचे मिला अधेड़ का शव एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। औंग थाना क्षेत्र के आशापुर ओवरब्रिज के नीचे सोमवार सुबह एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कानपुर-प्रयागराज मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक अर्धविक्षिप्त था और आसपास के क्षेत्रों में घूमकर मांगने के बाद अपना गुजारा करता था। काफी देर तक शव पड़े रहने से उस पर मक्खियां भिनभिना रही थीं। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। ———————————— वृहद रोजगार मेला आज, चालीस से अधिक कंपनियां करेंगी चयन – टाटा मोटर्स, फ्लिपकार्ट, अमेजन, जोमैटो व पेटीएम समेत कई कंपनियां लेंगी हिस्सा एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कल (आज) राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत आयोजित यह मेला सुबह दस बजे से शुरू होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी के अनुसार मेले में निजी क्षेत्र की 40 से अधिक राष्ट्रीय, प्रदेश और जनपद स्तरीय कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इनमें टाटा मोटर्स, फ्लिपकार्ट, जोमैटो वेयरहाउस, वोडाफोन, हीरो मोटोकॉर्प, पेटीएम, स्विगी, डी-मार्ट, अमेजन वेयरहाउस, भारतीय जीवन बीमा निगम, जी-4एस सिक्योर सॉल्यूशंस व राक्सा सिक्योरिटी सहित अन्य कंपनियां शामिल हैं। वहीं डॉ. रेड्डीज फाउंडेशन के माध्यम से दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी रोजगार का अवसर मिलेगा। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थियों का रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण और मेले से संबंधित जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय के दूरभाष नंबर 05180-298602 पर संपर्क कर सकते हैं। ————————————– —– महिलाओं व बालिकाओं को किया जागरूक एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत सोमवार को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और गांवों में चौपाल लगाकर महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने महिला अपराधों की रोकथाम, आत्मरक्षा के उपायों और महिलाओं के अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताकर जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने की अपील की। ————————————- आयरन फैब्रिकेशन अभ्यर्थियों का साक्षात्कार आज एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना के तहत आयरन फैब्रिकेशन ट्रेड में ऑनलाइन आवेदन करने वाले पात्र अभ्यर्थियों का साक्षात्कार तीन नवंबर को सुबह 11 बजे जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र में आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि सभी पात्र अभ्यर्थी अपने ट्रेड से संबंधित समस्त मूल अभिलेखों एवं आवश्यक प्रपत्रों के साथ निर्धारित समय और स्थान पर उपस्थित होकर साक्षात्कार में प्रतिभाग करें। ———————————— —– बिना पंजीकरण चल रहे धनवंतरि क्लीनिक पर जांच के आदेश – टीम के साथ करेंगे निरीक्षण, आरोप सही मिलने पर होगी कार्रवाई: एसडीएम एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के नरैनी चौराहे पर असोथर रोड स्थित धनवंतरि क्लीनिक के संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि क्लीनिक बिना पंजीकरण के कई वर्षों से संचालित हो रहा है। यहां चार-पांच बेड डालकर मरीजों को भर्ती करने के साथ ग्लूकोज, इंजेक्शन और दवाएं दी जा रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्लीनिक में न तो पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं हैं और न ही साफ-सफाई व संक्रमण नियंत्रण के उचित इंतजाम हैं। लोगों का कहना है कि बिना मान्यता व योग्य चिकित्सकों की उपलब्धता के मरीजों का उपचार किया जाना उनकी सेहत के साथ खिलवाड़ है। इसको लेकर क्षेत्रीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उधर एसीएमओ ने बताया कि क्लीनिक के अवैध संचालन की जानकारी मिली है। जल्द ही टीम के साथ निरीक्षण किया जाएगा। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ————————————— तालाबों की नीलामी में साढ़े सात लाख की लगी बोली एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज धाता, फतेहपुर। नगर पंचायत धाता के सभागार में सोमवार को मत्स्य पालन के लिए एक दर्जन से अधिक तालाबों की नीलामी प्रक्रिया संपन्न हुई। इसमें करीब साढ़े सात लाख रुपये की बोली लगाई गई। नीलामी में सोकाहे तालाब सबसे महंगा रहा, जिसकी शुरुआती बोली 40 हजार रुपये से बढ़कर 86 हजार रुपये तक पहुंच गई। सर्वाधिक बोली लगाने पर बिक्रम सिंह को इसका पट्टा आवंटित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज की अध्यक्षता में हुई नीलामी प्रक्रिया में नायब तहसीलदार नितिन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिशासी अधिकारी प्रवेंद्र कुमार ने बताया कि कुछ तालाबों की नीलामी अभी शेष है, जिसके लिए अगली तिथि निर्धारित की जाएगी। ———————————— —— घर में सुअर घुसने का विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला – ससुर व दो बहुएं गम्भीर रूप से घायल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के बवांरा गांव में घर के अंदर सुअर घुसने का विरोध करने पर पड़ोसियों ने लाठी डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिसमें ससुर व उसकी दो बहुएं गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद दो को रेफर कर एक को भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार थानां क्षेत्र के बवांरा गांव निवासी प्रभु का 75 वर्षीय पुत्र नन्हू उसके पुत्र राजेश कुमार की 37 वर्षीय पत्नी सरस्वती देवी उसके दूसरे पुत्र राजकुमार की 30 वर्षीय पत्नी अंजू देवी आज सुबह तीनो लोग अपने घर पर थे। तभी पड़ोसी जय करन पासवान अपने घर से सुअर के झुंड को उसके दरवाजे से लेकर निकला तो कुछ सुअर नन्हू के घर में घुस गए। जिसका नन्हू ने विरोध किया तो जय करन पुत्र राम राज, लवकुश पुत्र जयकरन, माया देवी पत्नी जय करन व प्रीति पुत्री जयकरन सभी लाठी डंडे व धरदार हथियार लेकर उसके घर में घुसकर जानलेवा हमला कर नन्हू और उसकी बड़ी बहु सरस्वती देवी व छोटी बहु अंजू देवी तीनो को मारपीट कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए गाजीपुर सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने सरस्वती व उसके ससुर नन्हू को प्राथमिक उपचार के बाद सरकारी एम्बुलेन्स से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया और अंजू देवी को भर्ती कर उसका इलाज कर रहे है। जिला अस्पताल पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर सरस्वती देवी व नन्हू को भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं। ————————————— मौसी के घर से वापस जा रहे युवक की संदिग्ध मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। कानपुर नगर के ग्राम बंगला व जहानाबाद थाना क्षेत्र के अलियापुर बार्डर पर रविवार की रात रोड़ किनारे घायलावस्था में पड़े 22 वर्षीय युवक को कुछ लोगों ने जहानाबाद सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतक के भाई ने हत्या का आशंका व्यक्त की है।
जानकारी के अनुसार कानपुर नगर के थाना रेउना गांव श्रीनगर निवासी चन्द्रपाल का पुत्र अमनपाल बाइक से अपनी बड़ी मौसी के यहां जहानाबाद थाने के अलियापुर गांव आया था। वापस लौटते समय जब वह अलियापुर व बंगला के समीप पहुंचा तभी हादसा हो गया। कुछ लोगों ने उसे मानवता दिखाते हुए उपचार के लिए जहानाबाद सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के बड़े भाई आशीष कुमार ने हादसे को न मानते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। वहीं पुलिस ने सड़क हादसा मानते हुए बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का सही कारण ज्ञात हो सकेगा। ———————————– —– सड़क हादसे में युवक की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम मलांव रोड़ पर अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से 35 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार आलमपुर गांव निवासी बुद्दा का पुत्र दिनेश कुमार रविवार की शाम काम से जा रहा था। तभी मलांव रोड़ पर अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए अस्पताल ला रहे थे। तभी रास्ते में उसकी मौत हो गयी। सूचना पर पहंुची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।