जेब में रखा सुतली बम बना काल, बालक की मौत,पटाखा जलाते समय हुआ हादसा

 जेब में रखा सुतली बम बना काल, बालक की मौत
– दीपावली की रात पटाखा जलाते समय हुआ हादसा
– परिवार की खुशियां मातम में बदलीं, गांव में पसरा सन्नाटा
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। दीपावली की रात पटाखे जलाने के दौरान हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। खागा कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर टेकारी गांव में सुतली बम फटने से एक बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार फतेहपुर टेकारी गांव निवासी संतू का 10 वर्षीय पुत्र सचिन दीपावली की रात पड़ोसी बच्चों के साथ पटाखे जला रहा था। इसी दौरान उसने एक सुतली बम में आग लगाकर फेंका, लेकिन बम नहीं फटा। कुछ देर इंतजार करने के बाद सचिन ने उसे उठाकर अपनी पैंट की जेब में रख लिया। इसी बीच अचानक सुतली बम जेब में ही तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। बदहवास परिजन आनन-फानन में मासूम को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दीपावली की रात जिस घर में खुशियों के दीप जल रहे थे, वहां देखते ही देखते मातम छा गया। मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं। एक छोटी सी लापरवाही ने परिवार के चिराग को बुझा दिया। घटना ने पटाखों के इस्तेमाल के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर उजागर कर दिया है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
.…………………………………………………
   गंगा स्नान को जा रहे श्रद्धालुओं की कार हादसे का शिकार, चार घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार फतेहपुर-उन्नाव बॉर्डर स्थित बक्सर पुल के गुनीर तिराहे के पास सड़क हादसे का शिकार हो गई। तीन वाहनों की भिड़ंत में दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अल्लीपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार औंग थाना क्षेत्र के करचलपुर गांव निवासी सुरेंद्र शुक्ला, नीरज अग्निहोत्री, विभा और शैलेन्द्री मारुति ग्लेंजा कार से गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। गुनीर तिराहे के पास तेज रफ्तार अपाचे बाइक की उन्नाव की ओर से आ रही ईको स्पोर्ट कार से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ईको स्पोर्ट अनियंत्रित होकर ग्लेंजा कार से जा भिड़ी। हादसे में ग्लेंजा सवार चारों लोग घायल हो गए। इनमें विभा और शैलेन्द्री के पैर व कमर में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहले गोपालगंज ले जाया गया, जहां से एंबुलेंस द्वारा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहीं, ईको स्पोर्ट कार चला रहे बिंदकी निवासी राजेश सिंह सहित कार में सवार एक अन्य पुरुष और तीन बच्चे बाल-बाल बच गए। एक बच्चे को हल्की चोट आई है। बाइक सवार शुभम तिवारी और शिवम तिवारी भी घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त तीनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। हादसे के बाद अस्पताल में घायलों के परिजन मौजूद रहे।
———————————— 
 भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत
– बहरा कोल्ड स्टोर के सामने पिकअप व बाइक की भिड़ंत, गांव में पसरा मातम
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के कोल्ड स्टोर के सामने हुए भीषण सड़क हादसे में घायल दूसरे युवक की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब दोनों बाइक सवार युवकों की जान चली गई है। हादसे के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बहरा कोल्ड स्टोर के सामने पिकअप व बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई थी। बाइक पर दावतपुर निवासी राजा व मोनू पुत्र खलील अहमद सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मोनू को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगांव भिजवाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उपचार की व्यवस्था की गई, लेकिन जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए मोनू ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक ही सड़क दुर्घटना में दो परिवारों के चिराग बुझ गए। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
———————————– 
    दो युवकों ने फांसी लगाकर दी जान
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत दो लोगों ने फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के बेरूईहार निवासी स्व0 दीनदयाल का 30 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार उर्फ लवकुश ने सोमवार की शाम मानसिक तनाव के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसी प्रकार बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के धमनाखेड़ा गांव निवासी केशनलाल के 25 वर्षीय पुत्र अजय कुमार ने पिता की डांट से क्षुब्ध होकर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। हादसे के बाद दोनों मृतकों के परिजनों में मातम छा गया।
————————————– —–
 ट्रेन से कटकर युवक की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के अंदौली के समीप अंडरपास रेलवे लाइन पार करते समय 21 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आ जाने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पहुंचे समाजसेवी ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा।
जानकारी के अनुसार राधानगर थाना क्षेत्र के डूडा कालोनी निवासी लल्लूराव का पुत्र अमित दो दिन पूर्व अपने मित्र के यहां जा रहा था। अंदौली के समीप अंडरपास रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट मंे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
 ——————————— ——-
 तमंचा व कारतूस के साथ शातिर गिरफ्तार
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत किशनपुर पुलिस ने एक अभियुक्त को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
मंगलवार को क्षेत्राधिकारी खागा के पर्यवेक्षण में थाना किशनपुर पुलिस ने मंडौली रोड स्थित श्याम सखी इंटर कॉलेज जाने वाली सड़क से अभियुक्त श्याम महेश उर्फ पप्पू निषाद को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना किशनपुर में मुकदमा अपराध संख्या 294/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त श्याम महेश उर्फ पप्पू निषाद पुत्र रामस्वरूप निषाद, निवासी ग्राम ख्योजर (मंडौली), थाना किशनपुर का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी थाना बिसंडा जनपद बांदा में मुकदमा अपराध संख्या 146/2025 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजनारायण नायक, कांस्टेबल आशुतोष कुमार सिंह, बृजेश कुमार मौर्य एवं विकास कुमार बिंद शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *